कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी ने एक विवादित बयान दिया है। मंत्री ने कहा कि इस्लाम दूसरे धर्मों से बेहतर है। उन्होंने मक्का जाने की इच्छा जताई है, लेकिन वह गैर- मुस्लिम होने के नाते वह ऐसा नहीं कर सकते हैं। मंत्री ने कोप्पल जिले के कुकनूर में मुस्लिम समुदाय के लिए आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में यह बात कही। रायरेड्डी ने कहा कि, मैं यह कहना चाहूंगा कि इस्लाम दूसरे धर्मों को तुलना में श्रेष्ठ धर्म है।
उन्होंने कहा कि इस धर्म के बारे में गलतफहमियां हैं और उन्होंने कुरान, दूसरे धर्मों और उनके इतिहास के समझने की कोशिश की है।
इतना ही नहीं, उन्होंने आगे कहा कि- इस्लाम को बहुत अनुशासित, वैज्ञानिक और सबसे मानवीय धर्म बताते हुए कहा कि इसे पढ़ें, समझें और कट्टरपंथी या जातिवादी न बनें। सभी धर्मों में अच्छे और बुरे लोग होते हैं, लेकिन धर्मों की अच्छी बातें जाननी जरुरी है क्योंकि धर्म मानवता की भलाई के लिए होता है और हमें अच्छा करने की कोशिश करनी चाहिए।
आर अशोक ने कहा, माफी मांगे बसवराज रायरेड्डी
इन बयानों के बाद भाजपा नेता आर. अशोक ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस्लाम दूसरे धर्मों से श्रेष्ठ कहकर रायरेड्डी ने सनातन धर्म को कमतर दिखाया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता अशोक ने मांग की कि रायरेड्डी अपने बयान वापस लें और राज्य के सभी हिंदुओं से मांफी जरुर मांगे।
डीके शिवकुमार से की कैबिनेट से हटाने की मांग
आर अशोक ने यह भी कहा कि यदि वसवराज रायरेड्डी माफी मांगने से इनकार करते हैं, तो मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को उन्हें कैबिनेट से हटाकर अपनी प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए। उन्होंने पूछा कि सीएम शिवकुमार, क्या आपकी कांग्रेस सरकार की हिंदू-विरोधी सोच का कोई अंत नहीं है? आप मंदिरों में जाते हैं और कैमरों के सामने अपनी भक्ति दिखाते हैं, लेकिन जब आपकी ही कैबिनेट के मंत्री सनातन हिंदू धर्म और मंदिरों के बारे अपमानजनक बातें करते हैं, तो आप चुप क्यों रहते हैं?
यह सवाल करते हुए क्या कांग्रेस पार्टी का सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान का यही मतलब है, अशोक ने पूछा कि क्या सभी समुदायों के लिए शांति के बगीचे का आपका यही विजन है? या आपके सारे नाटक और दिखावे सिर्फ हिंदू वोट पाने के लिए पहने गए मुखौटे हैं?
कांग्रेस पर हिंदू विरोध होने का आरोप
उन्होंने यह भी कहा कि अगर रायरेड्डी माफी नहीं मांगते या उन्हें मंत्रालय से नहीं हटाया जाता, तो कर्नाटक के करोड़ों हिंदुओं के मन में एक ही बात आएगी आपका (CM का) मंदिरों में जाना भक्ति की वजह से नहीं है। आपकी बातें हिंदू धर्म के प्रति सम्मान की वजह से नहीं हैं। सब कुछ सिर्फ वोट और दिखावे के लिए है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू-विरोधी होने का आरोप भी लगाया।