बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार पर्यटन के मामले में बड़ी पहल करने जा रही है। सीएम चौधरी स्टेट हैंगर , पटना से 'बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026' तहत 'पटना जॉय राइड' का शुभारंभ करेंगे।
इस योजना के तहत बिहार के पर्यटकों और आम नागरिकों को राजधानी पटना का हवाई सफर कराया जाएगा। पर्यटन विभाग के अनुसार, इस पहल से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजधानी के प्रमुख स्थलों को आसमान से देखने का मौका मिलेगा। बता दें कि, सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए की जाएगी।
सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
इस बीच, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026' राज्य के पर्यटन क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए लोगों को सुरक्षित, रोमांचक और यादगार हवाई यात्रा का अनुभव मिलेगा, जिससे बिहार के पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
किन मार्गों पर हवाई यात्रा का लाभ मिलेगा
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि योजना के पहले चरण में वाल्मीकि नगर, राजगीर, और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर को शामिल किया गया है। वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय विभान और राजगीर व कैमूर के लिए 6+2 सीटर किराये के हेलीकॉप्टर का संचालन होगा। हर एक उड़ान के पीछे अधिकतम पांच सीटें पर्यटकों के लिए उपलब्ध होंगी। योजना के तहत पटना-वाल्मीकिनगर-पटना, पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर (करमचट डैम हेलिपैड) पटना सेवाएं हर एक शनिवार और रविवार को संचालित की जाएगी। आपको बताते चलें कि, तय समय के अनुसार ही पर्यटक इन मार्गों पर नियमित हवाई यात्रा का लाभ उठा पाएंगे।
जानिए कहां के लिए कितना देना होगा
- पटना से वाल्मीकिनगरः 5,000 रुपया प्रति यात्री
- पटना से कैमूर: 6,000 रुपया प्रति यात्री
- पटना से राजगीर: 4,000 रुपया प्रति यात्री
- पटना हेलीकॉप्टर जॉय राइड: 2,100 रुपया प्रति सीट