पूर्व रक्षा मंत्री A.K Anthony के बेटे अनिल ने थामा बीजेपी का दामन, एक ट्वीट कर कांग्रेस के लिए बन गए थे विलेन

LSChunav     Apr 07, 2023
शेयर करें:   
पूर्व रक्षा मंत्री A.K Anthony के बेटे अनिल ने थामा बीजेपी का दामन, एक ट्वीट कर कांग्रेस के लिए बन गए थे विलेन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने बीते गुरुवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। बेटे के इस फैसले पर एके एंटनी ने दुख जताया है। बता दें कि पीएम मोदी और गुजरात दंगो पर बनी BBC की डॉक्यूमेंट्री का अनिल ने विरोध किया था।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। बता दें कि BBC विवाद के बाद अनिल ने काफी कड़ा विरोध जताया था। जिसके बाद उनका केरल की कांग्रेस पार्टी में घमासान शुरू हो गया था। कांग्रेस से मतभेदों के चलते अनिल ने पार्टी का साथ छोड़ दिया। इस दौरान भाजपा मुख्यालय में केरल प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन अपने साथ अनिल एंटनी को लेकर पहुंचे। इससे पहले केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया संयोजक के पद से भी अनिल ने इस्तीफा दे दिया था।


ट्वीट के बाद शुरू हुआ विवाद

पीएम मोदी और गुजरात दंगों पर बनी विवादास्पद बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर अनिल एंटनी ने एक ट्वीट किया था। जिसके बाद पार्टी में विवाद शुरू हो गया था। कांग्रेस छोड़ने के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी में कई लोगों का सोचना है कि उनका धर्म एक परिवार के लिए काम करना है। अनिल एंटनी ने कहा कि उनका धर्म अपने देश के लिए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि अभी तक वह कांग्रेस के लिए काम कर रहे थे। लेकिन उन्हें पीएम मोदी के कार्यों ने काफी प्रभावित किया है। 


अनिल एंटनी ने ज्वॉइन की बीजेपी

अनिल ने कहा कि देश के पीएम के पास आगामी 25 सालों में देश को एक विकसित देश बनाए जाने का विजन है। साथ ही वह पीएम के राष्ट्र निर्माण में अपना भी योगदान देना चाहते हैं। क्योंकि यह उनका कर्तव्य भी है और जिम्मेदारी भी है। भाजपा नेता पीयूष गोयल और वी मुरलीधरन और पार्टी की केरल इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन ने एक औपचारिक कार्यक्रम के दौरान अनिल एंटनी को बीजेपी पार्टी की सदस्यता दिलवाई। जनवरी महीने में अपने एक ट्वीट के कारण अनिल एंटनी कांग्रेस पार्टी के लिए विलेन बन गए थे। 


A.K Anthony ने बताया गलत फैसला

उस दौरान पार्टी छोड़ते समय अनिल ने कहा था कि उन पर ट्वीट को डिलीट किए जाने का असहिष्णुता के साथ दबाव बनाया जा रहा है। अनिल एंटनी कांग्रेस नेता शशि थरूर के काफी करीब रहे हैं। एंटनी ने अपने इस्तीफे में शशि थरूर को धन्यवाद किया है। वहीं कांग्रेस के दिग्गज नेता ए के एंटनी ने बेटे अनिल द्वारा भाजपा पार्टी ज्वॉइन करने पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक कांग्रेस के साथ रहेंगे। इसके साथ हीं ए के एंटनी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी देश को आपदा की ओर ले जाने का काम कर रही है।