Bihar Politics में RJD से गठबंधन तोड़ेगी Congress? Kharge की बैठक से आई बड़ी खबर

दिव्यांशी भदौरिया     Jan 24, 2026
शेयर करें:   
Bihar Politics में RJD से गठबंधन तोड़ेगी Congress? Kharge की बैठक से आई बड़ी खबर

बिहार कांग्रेस में टूट की अटकलों के बीच अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 6 विधायकों संग बैठक की, जिसमें राजद से गठबंधन तोड़ने और पार्टी में कड़े अनुशासन पर चर्चा हुई। विधायकों ने राजद के साथ रहने से पार्टी की छवि खराब होने की बात कही, जिससे भविष्य की राजनीति पर सवाल खड़े हो गए हैं।

इस समय बिहार की राजनीति में काफी हलचल मची हुई है। बिहार कांग्रेस में टूट की खबरों पर उस समय विराम लग गया जब दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की बैठक में सभी 6 विधायक शामिल हुए। काफी समय से जेडीयू और बीजेपी की तरफ से कांग्रेस के विधायक के एनडीए में शामिल होने का दावा किया जा रहा था। बता दें कि, कांग्रेस  के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में भी आयोजित बैठक में कांग्रेस के सभी 6 विधायकों ने हिस्सा लेकर तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया। आइए आपको बताते हैं बैठक में क्या-क्या हुआ?


बैठक में अनुशासन बना अहम मुद्दा


कांग्रेस की इस बैठक में सूत्रों से पता चला है कि, बैठक में अनुशासन का मुख्य मुद्दा बना है। पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पार्टी में अनुसान को लेकर बेहद ही चिंतित थे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के सभी अधिकारियों, विधायकों को यह साफ निर्देश दिया कि अधिकृत लोग ही मीडिया या सोशल प्लेटफॉर्म पर पार्टी लाइन पर ही बात करेंगे। पार्टी की तय नीति से अलग जाकर अगर कोई भी नेता बयान देता है, तो उसके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें कोई अपवाद नहीं होगा। यहां मौजूद राहुल गांधी भी यदि पार्टी की लाइन और जारी निर्देशों के खिलाफ कोई बात रखते हैं, तो उन पर भी समान रूप से कार्रवाई की जाएगी।


कांग्रेस और राजद की राजनीति


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पदाधिकारियों और विधायकों के समक्ष प्रश्न रखा कि क्या बिहार में RJD के साथ राजनीति को आगे बढ़ाया जाए या फिर बिहार में कांग्रेस अपने अकेले दम पर चुनाव लड़े? कांग्रेस के सभी विधायको ने राजद के साथ की राजनीति को ना कहा। इन विधायकों का मानना था कि राजद के साथ चुनाव लड़ने से पार्टी की छवि खराब हुई है और इसलिए सीटें भी कम आईं। 


सूत्रों से पता चला है कि कांग्रेस पदाधिकारियों में राजद के साथ राजनीति करने को लेकर मतभेद थे। कुछ पदाधिकारी राजद के साथ राजनीति करने की वकालत कर रहे थे तो कुछ राजद से दामन छुड़ाने की बात कह रहे थे। सूत्र से पता चला है कि अखिलेश प्रसाद सिंह का मत राजद के साथ राजनीति करने को लेकर था। उन्होंने इस बैठक में राजद और कांग्रेस के साथ की राजनीति को लाभकारी और बिहार की जरुरत भी बताया। 


कौन बनेंगे विधायक दल के नेता?


बिहार में कांग्रेस विधायक दल के नेता को लेकर मंथन हुआ है। इस दौरान पार्टी के सभी छह विधायकों के राजनीतिक सफर और विधानसभा में उनके अनुभव पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस के भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार,आज किसी भी समय विधायक दल के नेता के नाम का ऐलान किया जा सकता है। अनुभव और पूर्णकालिक कांग्रेस कार्यकर्ता होने के आधार पर इस पद की दौड़ में वरिष्ठ नेता व तीन बार के विधायक अबीदुर रहमान के साथ-साथ पहली बार विधायक बने अभिषेक रंजन के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं।


अबीदुर रहमान को एक अनुभवी नेता माना जाता है और मुस्लिम वोट बैंक पर उनकी मजबूत पकड़ बताई जाती है, इसी वजह से उन्हें विधायक दल का नेता बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं कांग्रेस का एक अन्य खेमा युवाओं को नेतृत्व देने की वकालत कर रहा है। इस दृष्टि से सबसे युवा विधायक अभिषेक रंजन का नाम भी चर्चा में है, जिन्हें पार्टी की बात अधिक प्रभावी ढंग से रखने में सक्षम माना जा रहा है। फिलहाल अंतिम निर्णय कांग्रेस आलाकमान के विवेक पर छोड़ दिया गया है।