Wayanad Lok Sabha Seat: BJP, BSP, CPI ने राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड सीट से उतारे प्रत्याशी, रोचक हुआ मुकाबला

LSChunav     Apr 22, 2024
शेयर करें:   
Wayanad Lok Sabha Seat: BJP, BSP, CPI ने राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड सीट से उतारे प्रत्याशी, रोचक हुआ मुकाबला

दूसरे चरण के मतदान में कई दिग्गजों की साख दांव पर लगा है। आज हम आपको केरल की हाई-प्रोफाइल सीट वायनाड लोकसभा सीट के बारे में बताने जा रहे हैं। इस सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं।

पहले चरण का मतदान होने के बाद अब दूसरे चरण के मतदान का बिगुल बज चुका है। बता दें कि दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होना है। वहीं 24 अप्रैल की शाम से प्रचार अभियान भी थम जाएगा। 26 अप्रैल को 12 राज्यों की 88 सीटों पर मतदान होता है। वहीं दूसरे चरण के मतदान में कई दिग्गजों की साख दांव पर लगा है। इस आर्टिकल के जरिए हम आपको केरल की हाई-प्रोफाइल सीट वायनाड लोकसभा सीट के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं इस सीट का सियासी समीकरण कैसा है और इस सीट से किन प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी है।


आपको बता दें कि केरल की 20 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। वहीं वायनाड सीट केरल की हॉट सीट है। इस बार इस सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। वहीं भाजपा ने के. सुरेंद्रन पर भरोसा जताया है, तो वहीं बसपा ने पीआर कृष्णनकुट्टी भी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने महिला उम्मीदवार एनी राजा पर भरोसा जताया है।


कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी

राहुल गांधी वायनाड सीट से सांसद हैं। साल 2019 के चुनाव में राहुल गांधी ने इस सीट से शानदार जीत दर्ज की है। बता दें कि राहुल गांधी ने साल 2019 में दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़े थे। जहां उनको उत्तर प्रदेश के अमेठी सीट से हार का सामना करना पड़ा था। जबकि केरल के वायनाड सीट से शानदार जीत हासिल की थी। ऐसे में एक बार फिर पार्टी ने राहुल गांधी को वायनाड सीट से उतारा है। इस बार राहुल गांधी के सामने भाजपा के कद्दावर नेता के. सुरेंद्रन ने चुनावी मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है।


भाजपा प्रत्याशी के सुरेंद्रन

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन चुनावी मैदान है। बता दें कि उनको 15 फरवरी 20202 को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से वह लगातार पार्टी को मजबूत करने के प्रयास में लगे हुए हैं। सुरेंद्रन अब तक तीन लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और तीनों ही चुनाव में उनको हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा चुनाव में भी 5 बार किस्मत आजमाई, लेकिन इसमें भी उनको हर बार हार का सामना करना पड़ा था। वहीं 2 विधानसभा चुनावों में सुरेंद्रन मात्र 89 और 745 वोटों के अंतर से हार गए थे। लेकिन इस बार वह अपनी हार के इतिहास को जीत में बदलने की भरकस कोशिश करेंगे।


कम्युनिस्ट पार्टी की प्रत्याशी एनी राजा 

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी यानी CPI ने इस सीट से कद्दावर नेता एनी राजा को चुनावी मैदान में उतारा है। एनी राजा CPI राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी है। CPI को उम्मीद है कि एनी राजा इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की क्षमता रखती हैं और सीट का पार्टी की झोली में डाल सकती हैं। देखा जाए तो राहुल गांधी, के. सुरेंद्रन और एनी रजा की दावेदारी ने वायनाड के चुनावी मुकाबले को दिलचस्प मोड़ दे दिया है। हांलाकि यह देखना काफी दिलचस्प होने वाला है कि वायनाड सीट पर ऊंट किस करवट बैठेगा।


बसपा प्रत्याशी पीआर कृष्णनकुट्टी

इस सीट से बहुजन समाज पार्टी ने पीआर कृष्णनकुट्टी पर भरोसा जताया है। बसपा ने विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने से इंकार कर दिया। वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने लोकसभा चुनाव 2024 में किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन करने से इंकार कर दिया था।