Jharkhand News: बिहार में पुलिस की लाठीचार्ज से बीजेपी कार्यकर्ता की मौत, झारखंड BJP नेताओं ने बताया लोकतंत्र का काला चैप्टर

LSChunav     Jul 14, 2023
शेयर करें:   
Jharkhand News: बिहार में पुलिस की लाठीचार्ज से बीजेपी कार्यकर्ता की मौत, झारखंड BJP नेताओं ने बताया लोकतंत्र का काला चैप्टर

बिहार में विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की मौत हो गई। जिसके बाद बीजेपी नेताओं में आक्रोश है। वहीं झारखंड बीजेपी के नेताओं ने इस घटना को लोकतंत्र का काला अध्याय बताया।

पटना विधानसभा मार्च के दौरान भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की पुलिस पिटाई से मौत हो गई। इस घटना से झारखंड भाजपा में भी उबाल है। बता दें झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित पार्टी के कई नेताओं ने इस मामले की निंदा करते हुए इस घटना को लोकतंत्र का काला अध्याय बताया है। 


झारखंड बीजेपी में आक्रोश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने निशाना साधते हुए लिखा, 'वाह... नीतीश बाबू शर्म तो आ नहीं रही होगी?' आपकी पुलिस ने लाठी-डंडों से पीट-पीट कर जहानाबाद के बीजेपी कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह को मार डाला। वहीं सांसद जनार्दन सिग्रीवाल जी गंभीर रूप से घायल हैं। इसके साथ ही दर्जनों बीजेपी कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती हैं। कभी लालू परिवार के जंगल राज के खिलाफ संघर्ष कर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने ही आपको सीएम की कुर्सी तक पहुंचाया था। लेकिन यह भी याद रखिएगा कि सत्ता आपके पास हमेशा नहीं रहेगी। 


अर्जुन मुंडा ने सीएम नीतीश पर हुए हमलावर

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने इस घटना को लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन बताया। अर्जुन मुंडा ने कहा कि बिहार सरकार के कुशासन के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके विधानसभा मार्च कर रहे थे। लेकिन बिहार पुलिस द्वारा क्रूरतापूर्ण तरीके से लाठीचार्ज और कार्यकर्ता की हत्या से यह साबित होता है कि बिहार में जंगलराज कायम है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह का निधन व्यर्थ नहीं जाएगा। जनता सब देख और समझ रही है।


जानिए क्या बोले झारखंड के पूर्व सीएम

झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बिहार की निकम्मी महागठबंधन की सरकार ने बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या का महापाप किया है। बीजेपी कार्यकर्ता की गलती इतनी सी थी कि वह बिहार सरकार के कुशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। बिहार के नीतीश सरकार के लाठीचार्ज में नेता विजय कुमार सिंह जी की मृत्यु लोकत्रंत का काला अध्याय है। किसी कीमत पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर राज्य प्रायोजित हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। नीतीश सरकार के ताबूत में विजय कुमार की मौत आखिरी कील साबित होगी।