UP में Draft Voter List जारी, 13.58 करोड़ मतदाता शामिल, 16 दिसंबर तक संशोधन का मौका

दिव्यांशी भदौरिया     Nov 17, 2026
शेयर करें:   
UP में Draft Voter List जारी, 13.58 करोड़ मतदाता शामिल, 16 दिसंबर तक संशोधन का मौका

उत्तर प्रदेश में जारी नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर करीब 13.58 करोड़ हो गई है। इसमें नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन कराने के लिए 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं। इसके लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलेगा, जिसके बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

अगले साल 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होंगे। इससे पहले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। हाल ही में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीण रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी कर बताया कि नई सूची में लगभग 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं।

अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन कराने के लिए एक और अवसर प्राप्त होगा। बता दें कि, प्रदेश में 10 अप्रैल को जारी एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके मुकाबले पिछले सात महीनों में करीब 17 लाख मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। ड्राफ्ट सूची पर 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाता है। फिर 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

75 जिलों के सभी बूथों पर मिलेगी सूची

इसके अलावा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची 1,73,730 बूथों पर उपलब्ध रहेगी। मतदाता जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर भी सूची देख पाएंगे। वहीं, बीएलओ और राजनीतिक दलों को भी सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

शनिवार-रविवार को विशेष अभियान

आपको बताते चलें कि, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने और नाम-पते सहित अन्य विवरण में संशोधन के लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता अपनी जानकारी की जांच कर पाएंगे और जरूरी आवेदन कर पाएंगे। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची जारी होगी।