गुलाम नबी आजाद पर कांग्रेस नेताओं ने लगाया नेहरू-गांधी परिवार से विश्वासघात का आरोप, जानिए पूरा मामला

अनन्या मिश्रा     Apr 12, 2023
शेयर करें:   
गुलाम नबी आजाद पर कांग्रेस नेताओं ने लगाया नेहरू-गांधी परिवार से विश्वासघात का आरोप, जानिए पूरा मामला

गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी पर टिप्पणी की थी। जिसके बाद जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के नेताओं ने गुलाम नबी आजाद को अपने निशाने पर ले लिया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चार दशक तक सत्ता का लाभ उठाने वाले आजाद को इस बारे में भी बताना चाहिए।

गुलाम नबी आजाद ने हाल ही में राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए थे। जिसके बाद जम्मू कश्मीर कांग्रेस ने गुलाम नबी आजाद को अपने निशाने पर ले लिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गुलाम नबी को चार दशक तक नेहरू-गांधी परिवार के चलते सत्ता का लाभ उठाने के बारे में भी बोलना चाहिए था। गुलाम अहमद मीर, सैफुद्दीन सोज और तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि गुलाम का इस तरह से राहुल गांधी की आलोचना करना उनके नेहरू-गांधी परिवार के प्रति विश्वासघात और कृतघ्नता को दिखाता है।


कांग्रेस नेताओं ने साधा निशाना

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष पर कांग्रेस के नेहरू-गांधी परिवार के समर्थन और उन पर जताए गए भरोसे का परिणाम है कि वह चार दशकों तक राजनीति में पदोन्नति पाते रहे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि गुलाम को कांग्रेस द्वारा उन पर किए गए एहसानों के बारे में भी जनता को बताना चाहिए। बयान के अनुसार, डोडा जिले के एक दूरदराज के इलाके से आने वाले आजाद को राजनीति में लाने का श्रेय इंदिरा गांधी को जाता है। क्योंकि दिवंगत मुफ्ती मोहम्मद सईद ने इंदिरा गांधी से आजाद की सिफारिश की थी। 


इंदिरा गांधी ने जताया था भरोसा

जिसके बाद इंदिरा गांधी ने आजाद पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रशंसकों का युवा नेता बना दिया था। इसके बाद कांग्रेस पार्टी की तरफ से आजाद को महाराष्ट्र से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए चुनावी मैदान में उतारा गया। उनका इंदिरा गांधी ने स्वयं प्रचार-प्रसार किया था। जिसके कारण गुलाम नबी आजाद को महाराष्ट्र में प्रचंड जीत मिली थी। साथ ही वह पहली बार लोकसभा पहुंचे थे।


नेहरू-गांधी परिवार ने जताया भरोसा

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि गुलाम नबी पर नेहरू-गांधी परिवार ने कई अवसर उपलब्ध कराए। जिसके चलते वह कई बार राज्यसभा के लिए भी चुने गए। बाद में बिना चुनाव लड़े कई बार केंद्रीय मंत्री भी बनाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आजाद को इन सभी बातों का भी जिक्र करना चाहिए।


जानिए क्या है पूरा मामला

गुलाम नबी आजाद ने कहा हाल ही में राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि राहुल गांधी मुख्य कारण थे। जिसके कारण कई कांग्रेस नेताओं समेत उन्होंने भी कांग्रेस का साथ छोड़ा था। आजाद ने दावा किया था कि कांग्रेस संसदीय पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हाथ में नहीं है कि वह उनकी चाहकर भी पार्टी में वापसी करा दें।