कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा- गलवान के बाद बढ़ता जा रहा चीन का दुस्साहस

अनन्या मिश्रा     Apr 05, 2023
शेयर करें:   
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा- गलवान के बाद बढ़ता जा रहा चीन का दुस्साहस

चीन द्वारा अरूणाचल प्रदेश के 11 स्थानों का नाम अपने हिसाब से बदलने का दुस्साहस करने पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सिर पर ठीकरा फोड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि गलवान के बाद पीएम मोदी द्वारा क्लीन चिट दिए जाने पर चीन ने हमारे इलाकों का नाम बदलने का दुस्साहस किया है।

चीन ने अरूणाचल प्रदेश के 11 स्थानों का नाम अपने हिसाब से बदल दिया है। चीन के इस दुस्साहस का ठीकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सिर पर फोड़ा है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गलवान की घटना के बाद पीएम मोदी ने चीन को क्लीन चिट दे दी। चीन की हरकतों पर चुप्पी साधने के काण चीन बार-बार इस तरह की हिमाकत करने की कोशिश कर रहा है।


खरगे ने ट्वीट कर जताई नाराजगी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट कर कहा कि चीन द्वारा अरुणाचल में हमारे इलाकों का नाम बदलने का दुस्साहस तीसरी बार किया गया है। इससे पहले 2017 में 6 जगहों के नाम, 2021 में 15 जगहों के नाम चीन ने बदले थे। खरगे ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि गलवान के बाद चीन को क्लीन चिट दिए जाने का नतीजा पूरा देश भुगत रहा है। 


जयराम रमेश ने भी केंद्र सरकार को घेरा

पार्टी के संचार महासचिव जयराम रमेश ने भी आधिकारिक बयान जारी कर केंद्र सरकार द्वारा चीन को लेकर अपनायी जा रही कूटनीति पर सवाल उठाए हैं। जयराम रमेश ने कहा कि चीन के शीर्ष राजनायिक ने हाल ही में दावा किया था कि भारत-चीन सीमा पर अब हालात स्थिर हैं। लेकिन चीन की ओर से उकसाने और अतिक्रमण जारी है। जिसका ताजा उदाहरण चीनी नामों की लिस्ट में हमारे इलाकों के नाम शामिल किए गए हैं।


भारत का अभिन्न अंग है अरुणाचल प्रदेश- कांग्रेस

जयराम ने सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि साल 2020 में पीएम मोदी ने चीन को क्लीन चिट दी। वहीं चीनी कार्रवाइयों पर पीएम मोदी की चुप्पी का यह नतीजा है। 3 साल बाद भी चीनी सेना हमारे गश्ती दल को डेपसांग मैदानों तक पहुंचने से रोक रही है। यहां पर पहले हमारे जवान बिना किसी रोक-टोक के पेट्रोलिंग किया करते थे। चीन की तरफ से लगातार अरुणाचल प्रदेश में पहले की स्थिति को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अटूट अंग है और हमेशा रहेगा। अरुणाचल प्रदेश के निवासी भारत के देशभक्त और गौरवशाली नागरिक हैं।