सिंधिया के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी कर रहे केजरीवाल, भगवंत मान के साथ चुनावी रैली का करेंगे आगाज

अनन्या मिश्रा     Jul 01, 2023
शेयर करें:   
सिंधिया के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी कर रहे केजरीवाल, भगवंत मान के साथ चुनावी रैली का करेंगे आगाज

मध्य प्रदेश में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं कांग्रेस और बीजेपी के अलावा आम आदमी पार्टी ने भी सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने इसकी तैयारियां भी तेज कर दी हैं।

मध्यप्रदेश के लिए साल 2023 चुनावी साल है। क्योंकि इसी साल के अंत में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावों को लेकर जहां राज्य में भाजपा और कांग्रेस पहले से एक्टिव है तो वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इस चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल आज केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में जनसभा को संबोधित करेंगे। केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी होंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राज्य के दौरे पर हैं। आज यानी की शनिवार को पीएम मोदी शहडोल पहुंचकर कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 


वहीं दिल्ली के सीएम केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ग्वालियर के मेला ग्राउंड पर जनसभा संबोधित करेंगे। आप पार्टी की तरफ से दावा किया गया है कि इस रैली में करीब 1 लाख लोग शामिल होंगी। पार्टी ने मध्यप्रदेश की 230 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। केजरीवाल का चुनावी साल में यह मध्यप्रदेश का दूसरा दौरा है। इससे पहली केजरीवाल और भगवंत मान ने भोपाल में जनसभा को संबोधित किया था। रैली के बाद सीएम केजरीवाल पार्टी के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।


सीएम केजरीवाल ग्वालियर एयरपोर्ट पर सिंगरौली की मेयर और पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल समेत अन्य नेताओं से मिलेंगे। पार्टी के नेताओं से चर्चा के बाद वह  मेला स्टेडियम ग्राउंड पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि केजरीवाल कई चुनावी घोषणाएं भी कर सकते हैं।


सिंधिया का गढ़ है ग्वालियर

बता दें कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का ग्वालियर-चंबल गढ़ माना जाता है। ऐसे में आप सरकार की ओर से सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। ग्वालियर-चंबल में 34 विधानसभा की सीटें हैं। प्रदेश की सत्ता संभालने के लिए यहां से जीत मिलना काफी जरूरी है। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने शानदार जीत हासिल की थी। लेकिन उपचुनावों में भाजपा ने बाजी मार ली। अब आम आदमी पार्टी इस क्षेत्र को साधने की तैयारी में है।