Assam में गरजे PM Modi: 'West Asia War के बीच कांग्रेस देश में दहशत फैला रही है'

असम के सिलचर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में 'युद्ध जैसी स्थिति' के बीच देश में दहशत पैदा करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने पार्टी पर पूर्वोत्तर और बराक घाटी की ऐतिहासिक उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अपनी सरकार के विकास कार्यों पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि “युद्ध जैसी स्थिति” उत्पन्न हो गई है और उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार इसे प्रभावी ढंग से संभाल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में दहशत फैलाने की कोशिश करके “गैरजिम्मेदाराना” व्यवहार कर रही है। पीएम मोदी ने असम के सिलचार में एक रैली में कहा- “युद्ध जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है और हमारी सरकार इसे संभाल रही है, लेकिन कांग्रेस देश में दहशत फैलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है,”। प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र की उपेक्षा की और स्वतंत्रता एवं विभाजन के दौरान सीमांकन करते समय बराक घाटी को समुद्र तक पहुंच प्रदान की। उन्होंने दावा किया, “उनके पास न तो असम के लिए कोई दूरदृष्टि है और न ही राष्ट्र के लिए; वे केवल मोदी को गाली देना, अफवाहें फैलाना और लोगों को गुमराह करने के लिए झूठ बोलना जानते हैं।”
असम घाटी निरंतर प्रगति पर है
क्षेत्रीय विकास पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि असम और बराक घाटी दोनों ही निरंतर प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने बराक घाटी को भाषा, साहित्य और संस्कृति से समृद्ध क्षेत्र बताया और कहा कि यह विकास के एक नए केंद्र के रूप में उभरने के लिए तैयार है।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि-“जिस तरह कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को उसके हाल पर छोड़ दिया, उसी तरह उसने बराक घाटी को कमजोर करने में भी अहम भूमिका निभाई। भारत की आजादी के बाद, कांग्रेस ने ऐसी सीमा रेखा खींचने की अनुमति दी जिससे बराक घाटी का समुद्र तक पहुंच मार्ग कट गया,”।
उन्होंने आगे कहा- “बराक घाटी, जो कभी औद्योगिक केंद्र के रूप में जानी जाती थी, अपनी मूल शक्ति खो बैठी। आजादी के बाद दशकों तक कांग्रेस सरकारें सत्ता में रहीं, फिर भी इस क्षेत्र में विकास न के बराबर हुआ। आज भाजपा सरकार इसे बदलने के लिए काम कर रही है,”।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर असम के युवाओं को हिंसा और आतंकवाद की ओर धकेलने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि भाजपा ने राज्य को उनके लिए “अवसरों का सागर” बनाने के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा, “जहां कांग्रेस सोचना बंद कर देती है, वहां हम काम करना शुरू कर देते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का ध्यान विकास में पिछड़े लोगों को प्राथमिकता देने पर है।
प्रधानमंत्री ने विधानसभा चुनाव से पहले असम के अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम चरण के रूप में सिलचर में 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।



