Yogi 2.0: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर खड़े किए कई सवाल, कहा- जनता को गुमराह कर रही बीजेपी

LSChunav     Mar 27, 2023
शेयर करें:   
Yogi 2.0: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर खड़े किए कई सवाल, कहा- जनता को गुमराह कर रही बीजेपी

योगी सरकार के 6 साल का कार्यकाल पूरा होने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कई सवाल उठाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक के बाद एक कई सवाल के सरकार से जवाब मांगे हैं। अखिलेश यादव का कहना है कि योगी सरकार जनता को गुमराह कर रही है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर योगी सरकार पर हमला बोला है। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के 6 साल पूरे होने पर अखिलेश यादव ने कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि छह साल पूरे होने पर भाजपा अपनी छठी मना रही है। यूपी की जनता को रोबोटिक प्लांट बनाने का सपना दिखा कर गुमराह कर रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता को सपने नहीं दिखाने चाहिए। बल्कि जनता को छह सालों के अपने काम का हिसाब देना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि योगी सरकार के जिन मंत्रियों पर भ्रष्टाचार या अन्य आरोप लगे हैं, सरकार को यह भी बताना चाहिए।


शिक्षा और चिकित्सा विभाग पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने एक के बाद एक बीजेपी सरकार को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि रात भर विधानसभा चलाने से क्या हुआ। शिक्षा और चिकित्सा विभाग के हाल बेहाल हैं। प्रदेश के 8 हजार स्कूलों में 1 शिक्षक है। उन्होंने कहा कि यूपी की सरकार एक वीसी को बचाने के लिए क्या-क्या नहीं कर रही है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज- बनवाने का दावा किया था। वहीं सपा सरकार ने गोरखपुर में 14 फ्लोर का अस्पताल प्रस्तावित किया था। जिसे अब 8 मंजिला कर दिया गया है।


दोगुनी आय पर उठाया सवाल

अखिलेश यादव ने चिकित्सा विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को रेफर किया जा रहा है। सरकार को बताना चाहिए कि पीजीआई और केजीएमयू में कितनी मशीनें खरीदी गई हैं। किसानों का बकाया अभी तक क्यों नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा की सीएम योगी दावा करते हैं कि लोगों की आय दोगुनी हो गई है। उन्हें साथ में यह भी बताना चाहिए कि किस तरह से लोगों की आय दोगुनी हुई है। सपा प्रमुख ने सीएम योगी पर निशान साधते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ ने झूठ को सच साबित करने के लिए 200 करोड़ रुपये की एक एजेंसी रखी है।


भर्ती में हो रहा खिलवाड़

सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि योगी सरकार को बताना चाहिए कि प्रदेश में किस जिले में कितना निवेश आया है। प्रदेश में 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होने का दावा करने वाले यह खुद बताएं कि उन्होंने कितने हवाई अड्डे बनवाए हैं। वहीं दूसरी ओर अखिलेश ने प्रदेश के युवाओं के बारे में बात करते हुए कहा कि एक तरह तो सरकार युवाओं को प्राथमिकता बता रही है। लेकिन सरकार यह नहीं बता पा रही है कि कितने युवाओं को रोजगार दिया गया है। कॉलेज की भर्ती में भी आरक्षण में खिलवाड़ किया जा रहा है।