Tripura Economy: राज्य के समग्र विकास के लिए काम कर रही त्रिपुरा सरकार, जानिए क्या बोले सीएम साहा

अनन्या मिश्रा     Jan 31, 2024
शेयर करें:   
Tripura Economy: राज्य के समग्र विकास के लिए काम कर रही त्रिपुरा सरकार, जानिए क्या बोले सीएम साहा

त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने कहा कि उनकी सरकार लगातार राज्य के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से चालू वित्त वर्ष में 8 प्रतिशत की वृद्धि हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने कहा कि उनकी सरकार लगातार राज्य के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से चालू वित्त वर्ष में 8 प्रतिशत की वृद्धि हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 के अपने बजट में सरकार ने स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे के निर्माण और शिक्षा से लेकर किसानों के कल्याण तक के सभी मोर्चों पर जोर देने का काम किया है। जिस तरह से जनता ने उन पर भरोसा जताया है। उसी वजह से भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन राज्य में दूसरी बार सरकार बनाने में सफल हुई है। 


मुख्यमंत्री साहा ने दावा करते हुए कहा कि त्रिपुरा का विकास एकदम सही रास्ते पर है। उन्होंने बताया कि राज्य ने साल 2022-23 वित्तीय वर्ष में 8.5% की वृद्धि की है। वहीं सीएम ने आगे कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान सरकार का लक्ष्य आठ प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हासिल करना है। मुख्यमंत्री के मुताबिक 2023-24 के लिए देश में वास्तविक जीडीपी वृद्धि 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है।


त्रिपुरा सीएम ने दावा किया कि हम स्वदेशी लोगों के शिक्षा, कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और बुनियादी ढांचे समेत सभी क्षेत्रों में प्रगति सुनिश्चित करने के साथ ही 'उन्नत त्रिपुरा, समृद्ध त्रिपुरा' बनाने की योजनाओं के साथ अन्य नई योजनाओं पर काम चल रहा है। सीएम ने दावा किया कि शिक्षा प्रणाली के विकास के लिए राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में 2,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि उद्यमी पूर्वोत्तर राज्य में निवेश करने के इच्छुक हैं। साथ ही अगले पांच वर्षों में औद्योगिक बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए एशियाई विकास बैंक 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।