भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार कहे जाने वाले पवन सिंह 'माननीय' होने जा रहे हैं। सोमवार को बिहार विधान परिषद् में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सुनिश्चित सीट से नामांकन दाखिल करते ही 'माननीय' के कतार में शामिल हो जाएंगे।
आपको बता दें कि, विधान परिषद् की खाली हो रही नौ सीट पर चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया का आज अंतिम दिन है। अभी तक किसी ने नामांकन पर्चा नहीं दाखिल किया है। वहीं, एनडीए की तरफ से 9 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा पहले से हो चुकी है। इसमें जनता दल यूनाईटेड से 4, भारतीय जनता पार्टी से चार और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की तरफ से 1 उम्मीदवार के नाम का ऐलान हुआ है। राजद ने अभी तक नामों की घोषणा नहीं की। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश पर संशय बना है।
पवन सिंह पहुंचे नामांकन पर्चा भरने
भारतीय जनता पार्टी की तरफ से भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह नामांकन के लिए विधानसभा पहुंच चुके हैं। वह अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर रहे हैं। इसके अलावा, जदयू और भाजपा के उम्मीदवार पहले से पहुंच चुके हैं।
एनडीए के सभी नौ प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
भाजपा, जदयू और लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशियों ने विधान परिषद चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। भाजपा की ओर से भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह, संजय मयूख, शीला पंडित और अनिल ठाकुर ने नामांकन पत्र जमा किए। वहीं, जदयू ने निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया, जिन्होंने अपना नामांकन प्रस्तुत किया। इसके अलावा, लोजपा (रामविलास) ने अशरफ अंसारी को मैदान में उतारा है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा उम्मीदवारों ने पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद दिया।
सीएम सम्राच चौधरी को किसने कराया इंतजार
बिहार विधान परिषद् की 9 सीटों पर चुनाव और एक सीट पर उप चुनाव के लिए नामांकन के दौरान एनडीए के खेमे में बहुत अजीब स्थिति देखने को मिली। इसकी चर्चा देर तक होती रही, क्योंकि नामांकन के दिन सीएम सम्राट चौधरी को भोजपुरी स्टार पवन सिंह के देर से आने के कारण आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जब पवन सिंह आए तभी सभी का एक-एक कर नामांकन पूरा कराया गया।