आंध्र प्रदेश के सीएम वाई.एस जगन मोहन रेड्डी ने लगातार पांचवें साल किसानों को वित्तीय सहायता का वितरण किया। बीते गुरुवार को सीएम जगन मोहन रेड्डी ने कुरनूल में वाईएसआर रायथू भरोसा-पीएम किसान के तहत सहायता राशि दी है। इस दौरान सीएम रेड्डी ने तेदेपा प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू पर भी तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री जगन मोहन ने कहा कि चंद्रबाबू का घोषणापत्र कर्नाटक के दलों की नकल है। उन्होंने कहा कि नायडू का घोषणापत्र आंध्र प्रदेश में पैदा नहीं हुआ है।
सीएम रेड्डी ने कहा कि नायडू का घोषणा पत्र कर्नाटक में हाल ही में संपन्न चुनावों में दो राजनैतिक पार्टियों कांग्रेस और भाजपा से लिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की योजनाओं और एसओपी की भी नकल की गई है। सीएम रेड्डी ने कहा कि नायडू किसानों के दुश्मन हैं। उन्होंने महानाडु के नाम पर राजा महेंद्रवरम में नाटक किया था। आंध्र प्रदेश के लोगों के दिलों से हमारी पार्टी का घोषणापत्र निकला है। जिसे उन्होंने अपनी पदयात्रा के दौरान समझा था।
कुरुक्षेत्र की तरह है प्रदेश
आंध्र प्रदेश के सीएम ने कहा कि यह प्रदेश कुरुक्षेत्र की तरह है। यहां पर अगला युद्ध डीपीटी और डीबीटी के बीच होने वाला है। इसलिए मैं आप सभी से यह अपील करता हूं कि आप सभी सोच-समझकर अपना फैसला लें।