Pilibhit Election: पीलीभीत में बसपा ने उतारा मुस्लिम उम्मीदवार, BJP ने जितिन प्रसाद तो SP ने भगवत शरण गंगवार पर जताया भरोसा

LSChunav     Apr 03, 2024
शेयर करें:   
Pilibhit Election: पीलीभीत में बसपा ने उतारा मुस्लिम उम्मीदवार, BJP ने जितिन प्रसाद तो SP ने भगवत शरण गंगवार पर जताया भरोसा

उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर सात चरणों में मतदान होंगे। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से पीलीभीत है। इस बार बीजेपी ने इस सीट से जितिन प्रसाद को उतारा है। वहीं जितिन प्रसाद का मुकाबला सपा के भगवत शरण गंगवार और बसपा के अनीश अहमद खान से होगा।

देश में लोकसभा चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है। सात चरणों में लोकसभा चुनाव संपन्न होंगे। वहीं उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर सात चरणों में मतदान होंगे। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से पीलीभीत है। बता दें कि पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी का इस बार टिकट काट दिया गया है। भाजपा ने वरुण गांधी का टिकट काटकर इस सीट से जितिन प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है। वहीं बीजेपी के जितिन प्रसाद का मुकाबला सपा के भगवत शरण गंगवार और बसपा के अनीश अहमद खान से होगा।


जितिन प्रसार का सियासी सफर

आपको बता दें कि साल 2004 में जितिन प्रसाद ने साल 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर शाहजहांपुर से जीत हासिल की थी। वहीं साल 2009 के चुनाव में वह धौरहरा सीट से जीत हासिल कर सांसद बने थे। इसके अलावा जितिन प्रसाद सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, प्राकृतिक गैस एवं पेट्रोलियम मंत्रालय में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। कुछ साल पहले उन्होंने बीजेपी पार्टी का दामन थाम लिया था। वर्तमान समय में जितिन प्रसाद उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री हैं।


सपा के भगवत शरण गंगवार

समाजवादी सरकार में लघु उद्योग और निर्यात प्रोत्साहन राज्य मंत्री रहे भगवत शरण नवाबगंज पीलीभीत से मैदान में उतरे हैं। वह नवाबगंज से पांच बार विधायक भी रहे हैं। साल 2003 में उत्तर प्रदेश की सपा सरकार में वह स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने साल 2012 में आखिरी चुनाव जीता था। इसके बाद साल 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में उनको हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले साल 1991 और 1993 में वह दो बार भाजपा के टिकट पर जीते थे। बाद में उन्होंने समाजवादी पार्टी ज्वॉइन कर ली और साल 2002, 2007 व 2012 में लगातार तीन बार सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे।


बसपा के अनीस अहमद खान

बसपा प्रमुख मायावती ने पीलीभीत लोकसभा सीट से अनीस अहमद खान पर भरोसा जताया है। अनीस अहमद लगातार तीन बार बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा वह बसपा सरकार में मंत्री पद पर भी रह चुके हैं। अनीस अहमद फूलबाबू के नाम से भी जाने जाते हैं। साल 2009 और 2014 में वह बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव मैदान में उतरे थे। दोनों चुनाव के दौरान वह तीसरे नंबर पर रहे थे।