कांग्रेस से इस्तीफा के साथ ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया नई पार्टी का ऐलान, कहा भाजपा के साथ गठबंधन भी मंजूर

Priya Mishra     Nov 03, 2021
शेयर करें:   
कांग्रेस से इस्तीफा के साथ ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया नई पार्टी का ऐलान, कहा भाजपा के साथ गठबंधन भी मंजूर

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह अपनी पार्टी बनाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि अगर किसानों के विरोध की समस्या का समाधान हो जाता है तो वे बीजेपी के साथ गठबंधन के लिए तैयार हैं।

पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बीच में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा दिया। इस दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी नई पार्टी के नाम का भी ऐलान किया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक ट्वीट में लिखा कि नई पार्टी का नाम 'पंजाब लोक कांग्रेस' है। पंजीकरण चुनाव आयोग के पास अनुमोदन के लिए लंबित है। पार्टी के चिह्न को बाद में मंजूरी दी जाएगी।

आपको बता दें कि पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपमानित महसूस करते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाया गया। हालांकि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की इनसे भी नहीं बनती है और समय-समय पर वो विवादित बयान देते रहते हैं।

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे अपने पत्र में कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में उनके और उनके बच्चों के आचरण से वह बहुत आहत हैं। यह बताते हुए कि वह पंजाब और देश के हित में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अपना इस्तीफा दे रहे थे, कैप्टन अमरिंदर ने कहा, "मुझे वास्तव में आपके और आपके बच्चों के आचरण से बहुत दुख हुआ, जिन्हें मैं अब भी उतना ही प्यार करता हूं जितना कि मेरे अपने बच्चों से।" उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि किसी अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी को उस अपमान का शिकार नहीं होना पड़ेगा जो उन्हें झेलना पड़ा। 

कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि साढ़े चार साल में उन्होंने अच्छा, स्वच्छ और पारदर्शी प्रशासन चलाया। अपने पत्र में कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने खुलासा किया कि कांग्रेस नेता अवैध बालू खनन में शामिल थे। उन्होंने लिखा, "।।जहां तक ​​अवैध रेत खनन के मुद्दे का संबंध था, दुर्भाग्य से अपराधी बड़ी संख्या में कांग्रेसी विधायक और मंत्री थे, जिनमें वर्तमान सरकार में बड़ी संख्या में मंत्री भी शामिल थे। मेरे स्थायी पछतावे में से एक यह रहेगा कि मैंने उनमें से कुछ को कार्य में क्यों नहीं लिया। मुझे लगा कि इससे पार्टी को शर्मिंदगी उठानी पड़ेगी। हालाँकि, मैं इन लोगों की सूची को सार्वजनिक करने का इरादा रखता हूँ क्योंकि यह मुझे समय-समय पर पंजाब सरकार और राज्य खुफिया द्वारा प्रदान किया गया है।"

बीजेपी के साथ गठबंधन है मंजूर 

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह अपनी पार्टी बनाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि अगर किसानों के विरोध की समस्या का समाधान हो जाता है तो वे बीजेपी के साथ गठबंधन के लिए तैयार हैं।