BJP MLC के घर प्रसाद खाने पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, राजनाथ और अमित शाह के करीबी हैं डॉ संजय मयूख

LSChunav     Mar 27, 2023
शेयर करें:   
BJP MLC के घर प्रसाद खाने पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, राजनाथ और अमित शाह के करीबी हैं डॉ संजय मयूख

बिहार के सीएम नीतीश कुमार बीजेपी एमएलसी डॉ संजय मयूख के घर छठ पूजा का प्रसाद खाने पहुंचे। जिसके बाद बिहार की सियासत में हलचल नजर आने लगी। तरह-तरह की संभावनाएं जताई जाने लगीं। राजनीतिक गलियारे से एक खबर यह भी उड़ी है कि महागठबंधन वाली सरकार जल्द ही जाने वाली है।

बिहार की राजनीति में पिछले 24 घंटे से बीजेपी के नेता संजय मयूख चर्चा का विषय बने हुए हैं। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि छठ पूजा का प्रसाद खाने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके घर पहुंचे थे। नीतीश कुमार का अचानक बीजेपी नेता के घर पहुंचने से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। इस मुलाकात के बाद अंदेशा जताया जा रहा है कि क्या  नीतीश कुमार फिर से संजय मयूख के जरिए कोई राजनीतिक फैसला लेने की तैयारी में हैं। 


कौन हैं संजय मयूख

भाजपा यह दावा करती है कि उनकी पार्टी में नेताओं से ज्यादा कार्यकर्ताओं को अहमियत दी जाती है। इसी कारण पार्टी में कर्मठ कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता के मुताबिक बड़े पद की जिम्मेदारी भी सौंपी जाती है। डॉ. संजय मयूख बिहार विधान परिषद के सदस्य होने के साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह के भी करीबी हैं। साल 1990 में डॉ. संजय मयूख ने भाजपा पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। सदस्यता ग्रहण करने के बाद साल 1995 में उन्हें बिहार प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद संजय मयूख को प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया गया।


ऐसे बढ़ा राजनीति में कद

संजय मयूख मीडिया प्रभारी बनने के बाद भी एक कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी ऑफिस में कुर्सी लगाने से लेकर अखबारों के दफ्तर में प्रेस रिलीज पहुंचाने का काम करते रहे। मीडिया प्रभारी के पद को संजय मयूख ने कभी अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। अपनी कर्मठता और अच्छे स्वभाव के कारण वह न सिर्फ भाजपा बल्कि विपक्षी दलों के नेताओं के भी चहेते बन गए। राजनीतिक विरोध के बावजूद भी डॉ संजय मयूख के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से अच्छे रिश्ते हैं। साल 2013 में राजनाथ सिंह ने संजय मयूख को राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी का पद सौंपा था। वह अपनी इस जिम्मेदारी पर खरे उतरे और उनकी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बन गई। डॉ संजय मयूख के देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी अच्छे संबंध हैं।


नीतिश की मुलाकात ने बढ़ाया सियासी पारा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चैती छठ के मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख के घर प्रसाद खाने पहुंचे। हाल फिलहाल जिस तरह का बिहार में राजनीतिक वातावरण है, ऐसे में बिहार के सीएम का डॉ संजय मयूख के घर पहुंचना, इसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या एक बार फिर नीतिश कुमार एनडीए का साथ जाने वाले हैं।


इस दौरान यह चर्चा भी जोरों पर है कि बिहार के सीएम भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घिरे लालू परिवार के कारण महागठबंधन से खुद को अलग करना चाहते हैं। हालांकि इस बीच एक भाजपा के नेता का कहना है कि नीतीश की अब एनडीए में वापसी करीब-करीब असंभव हैं। लेकिन अगर नीतीश की एनडीए में वापसी होती है तो भाजपा उसके लिए एक शर्त ऱख रही है। शर्त के मुताबिक इस बार सीएम भाजपा पार्टी से होता और नीतीश कुमार को राज्यपाल के तौर पर कार्य करना होगा।