Delhi Budget 2024: CM केजरीवाल ने बहनों को दिया बड़ा तोहफा, 18 साल और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को प्रति माह ₹1000 देने की घोषणा

LSChunav     Mar 04, 2024
शेयर करें:   
Delhi Budget 2024: CM केजरीवाल ने बहनों को दिया बड़ा तोहफा, 18 साल और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को प्रति माह ₹1000 देने की घोषणा

अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली में वार्षिक बजट पेश किया। दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने 4 मार्च को वित्तीय वर्ष 2024-25 बजट पेश कर दिया है। बजट की थीम 'राम राज्य' है और दिल्ली विधानसभा में इसकी राशि 76,000 करोड़ रुपये है। दिल्ली में आप सरकार के शासनकाल में यह सबसे लंबा बजट विधानसभा सत्र रहा है।

दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने आज, 4 मार्च को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 76,000 करोड़ रुपये का 'राम राज्य' बजट पेश किया है। दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 15 फरवरी को शुरू हुआ और इसे 8 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। दिल्ली में आप सरकार के शासनकाल में यह सबसे लंबा बजट विधानसभा सत्र रहा है। दिल्ली सरकार ने बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सड़कों समेत अन्य पर अपना ध्यान केंद्रित रखा। इसमें शिक्षा क्षेत्र के लिए बजट में ₹16,396 करोड़ आवंटित किए। सरकार ने मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के तहत 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र की प्रत्येक महिला को प्रति माह 1,000 रुपये देने की भी घोषणा की। कुल मिलाकर यह योजना 2000 करोड़ रुपये की है।

आतिशी ने वित्त मंत्री के रूप में पहला बजट पेश किया

आतिशी ने सोमवार को दिल्ली के वित्त मंत्री के रूप में अपना पहला बजट पेश किया। एक्साइज पॉलिसी मामले में पूर्व वित्त मंत्री मनीष सिसौदिया की गिरफ्तारी के बाद 2023 में तत्कालीन वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने दिल्ली का वार्षिक बजट पेश किया था। 2023 का बजट "स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक" दिल्ली थीम पर आधारित था। 2023 का दिल्ली बजट 78,800 करोड़ रुपये का था, जिसमें शहर के बुनियादी ढांचे के लिए 21,000 करोड़ रुपये का प्रावधान था।

आतिशी ने महिलाओं को प्रति माह ₹1000 देने की घोषणा की

2024-25 तक महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना' के लिए ₹2000 करोड़। आतिशी ने घोषणा की, इस योजना के तहत, 18 वर्ष से अधिक उम्र की प्रत्येक महिला को प्रति माह ₹ 1000 की राशि मिलेगी।

दिल्ली में 22,000 लोगों की जान बचाई है- आतिशी

किसी व्यक्ति की जान बचाना भी 'राम राज्य' है। हालांकि, हम सभी जानते हैं कि कुछ साल पहले दिल्ली में दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने से लोग डरते थे। इसलिए हमने 'फ़रिश्ते दिल्ली के' योजना शुरू की। इसके तहत, दिल्ली सरकार दुर्घटना पीड़ितों के खर्च का वहन करेगी। दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी का कहना है, इस योजना के तहत हमने दिल्ली में 22,000 लोगों की जान बचाई है।

शिक्षा के लिए ₹16,396 करोड़ आवंटित किए

वित्त मंत्री आतिशी ने राज्य का बजट पेश करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2025 में शिक्षा के लिए ₹16,396 करोड़ आवंटित किए हैं।

आतिशी ने कहा, "यहां उपस्थित हम सभी लोग भगवान राम से प्रेरित हैं। हम 'राम राज्य' के इस सपने को पूरा करने के लिए पिछले 9 वर्षों से दिन-रात प्रयास कर रहे हैं। हमने पिछले 9 वर्षों में दिल्ली के लोगों को सुख और समृद्धि प्रदान करने का प्रयास किया है।" दिल्ली में 'राम राज्य' स्थापित करने के लिए बहुत कुछ किया जाना बाकी है लेकिन पिछले 9 वर्षों में बहुत कुछ किया गया है..."

दिल्ली को मिलेंगे नए 8 फ्लाईओवर

वित्त मंत्री आतिशी बजट पेश के दौरान कहा कि दिल्ली सरकार ट्रैफिक और सड़क व्यवस्था पर पूरा ध्यान दे रही है। इस साल 2024-2025 में दिल्ली की जनता को 8 नए फ्लाईओवर मिलेंगे। दिल्ली में कई जगहों पर फ्लाईओवर का कमा 70 से 80 फीसदी तक हो चुका है।