Lohardaga Lok Sabha Seat: JMM के बागी विधायक के चुनावी रण में उतरने से बिगड़ सकता है कांग्रेस और BJP का खेल

अनन्या मिश्रा     May 11, 2024
शेयर करें:   
Lohardaga Lok Sabha Seat: JMM के बागी विधायक के चुनावी रण में उतरने से बिगड़ सकता है कांग्रेस और BJP का खेल

झारखंड की लोहरदगा लोकसभा सीट पर इस बार कांटे की टक्कर देखने को मिलने वाली है। बीजेपी के समीर उरांव और कांग्रेस के सुखदेव भगत के बीच जेएमएम के बागी विधायक चमरा लिंडा चुनावी मैदान में उतरे हैं।

लोकसभा चुनाव 2024 के चलते इन दिनों सभी राजनीतिक दल जोरों-शोरों से प्रचार में लगे हैं। वहीं झारखंड की लोहरदगा लोकसभा सीट पर इस बार कांटे की टक्कर देखने को मिलने वाली है। हालाँकि बीजेपी के समीर उरांव और कांग्रेस के सुखदेव भगत के बीच जेएमएम के बागी विधायक चमरा लिंडा के चुनावी मैदान में उतरने से यह मुकाबला त्रिकोणीय होने के साथ काफी दिलचस्प भी हो गया है।

 

बता दें कि इंडिया अलायंस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने की वजह से विशुनपुर के जेएमएम विधायक चिमरा लिंडा को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। ऐसे में चिमरा लिंडा के चुनावी मैदान में उतरने से बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशी का खेल बिगड़ सकता है। इस सीट पर 13 मई को मतदान होने हैं।


बीजेपी प्रत्याशी समीर उरांव 

भारतीय जनता पार्टी ने लोहरदगा लोकसभा सीट से समीर उरांव को प्रत्याशी बनाकर चुनावी रण में उतारा है। बता दें कि वह शुरूआत से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं। वहीं सिसई से विधायक रहे समीर उरांव को साल 2018 में भाजपा ने राज्यसभा भेजा था। इस साल समीर का राज्यसभा का कार्यकाल पूरा हुआ, तो भाजपा ने उनको इस सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।


कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत

वहीं कांग्रेस ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे सुखदेव भगत पर दांव लगाया है। बता दें कि वह साल 2005 में उन्होंने वीआरएस लेकर राजनीति में एंट्री की थी। साल 2005 में भी कांग्रेस ने उनको लोहरदगा सीट से विधानसभा चुनाव मैदान में उतारा था। वहीं साल 2009 और 2014 में सुखदेव भगत को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं साल 2015 में वह फिर से विजयी रहे। हालाँकि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में सुखदेव भगत को हार का सामना करना पड़ा था।


निर्दलीय प्रत्याशी चमरा लिंडा

इंडिया अलायंस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने की वजह से जेएमएम से निलंबित चमरा लिंडा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में हैं। चमरा लिंडा चुनावी रण में उतरने के बाद से भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हमलावर हो रहे हैं। वह भाजपा और कांग्रेस को बाहरी पार्टी बता रहे हैं। इससे पहले भी चमरा लिंडा निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं। बताया जाता है कि वह सिर्फ कांग्रेस ही नहीं बल्कि भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगाते हैं।