भिवानी पहुंचे CM Nayab Singh Saini, PM Kisan कार्यक्रम के बाद खिलाड़ियों को देंगे सम्मान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी में किसान सम्मान निधि कार्यक्रम में शिरकत कर किसानों के लिए इस योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद वे भीम स्टेडियम में पदक विजेता 125 खिलाड़ियों को 184 करोड़ रुपये के पुरस्कार वितरित करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री क्षेत्र की आठ विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।
इस समय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भिवानी के पंचायत भवन में पहुंचे। यहां पर उन्होंने किसान सम्मान निधि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की है। इस मौके पर प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने स्टेज से किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योजना के महत्व पर प्रकाश डाला
सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना देश के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा से यह किस्त जारी कर रहे हैं, जिससे देश के किसानों के खातों में हर चार चहीने में लगातार आर्थिक सहायता सीथे पहुंचती रहे।
उन्होंने याद दिलाया कि, सात साल पहले, 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के चलते देश के किसानों और सरकार के बीच संबंधों को एक नया आयाम दिया है। 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' के माध्यम से पहली बार पूरे देश के स्तर पर, किसानों के बैंक खातों में सीधे आर्थिक तौर पर सहायता पहुंचाने की उत्तम व्यवस्था स्थापित की गई है।
खिलाड़ियों को किया सम्मान
किसान सम्मान निधि कार्यक्रम के बाद, मुख्यमंत्री भीम स्टेडियम में एशियन और पैरा एशियन खेलों में पदक विजेता 125 खिलाड़ियों को 184 करोड़ रुपये के पुरस्कार वितरित करेंगे। इस मौके पर हरियाणा-पंजाब महिला कबड्डी का मुकाबला होगा। वहीं, मुख्यमंत्री आठ विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्धाटन करेंगे।
इतना ही नहीं, कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए पांच किलोमीटर की महिला और पुरुष दौड़ का आयोजन किया जाएगा। विजेता प्रतिभागियों को बाइक और स्कूटी इनाम दी जाएगी।



