Punjab में AAP को झटका, चेतन जौड़ामाजरा समेत 3 बागी MLA हुए BJP में शामिल

पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। आगामी चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज इन नेताओं ने पार्टी और विधायक पद छोड़ दिया है। वहीं आप ने स्पीकर से इनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कराने की बात कही है।
पंजाब में आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। रविवार को पूर्व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा आज बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने दिल्ली में पार्टी का दामन थामा। उनके साथ ही कुंवर विजय प्रताप सिंह भी भाजपा में शामिल हो चुके है।
तीनों नेताओं ने पार्टी के साथ ही विधायक पद भी छोड़ दिया है। पटियाला जिले की सामना विधानसभा सीट से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
सदस्यता रद्द करवाने की मांग
'आप' पार्टी ने कहा है कि हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करवाई जाएगी। आम आदमी पार्टी दोनों विधायकों की सदस्यता रद्द करने के लिए विधानसभा स्पीकर से मांग करेगी। वहीं, पार्टी ने दावा किया कि विरोधी गतिविधियों के चलते दोनों विधायकों को आम आदमी पार्टी पहले ही सस्पेंड कर चुकी है। फिर दोनों विधायकों ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया है।
टिकट न मिलने से थे नाराज
समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के इस्तीफे के पीछे आगामी चुनाव में टिकट न मिलने की नाराजगी बताई है। शनिवार को आम आदमी पार्टी की तरफ से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद दोनों ने पार्टी छोड़ दी थी।
पूर्व आईपीएस हैं कुंवर विजय प्रताप सिंह
कुंवर विजय प्रताप सिंह पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं। कुंवर विजय प्रताप कोटकपूरा व बहिबल कलां मामले की जांच करने वाली एसआईटी के मुख्य रह चुके हैं। वे अमृतसर उत्तरी से विधायक हैं। आम आदमी पार्टी ने 2025 में कुंवर विजय प्रताप सिंह को 5 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।



