Lok Sabha Elections 2024: दिल्ली में तीन सीटों पर किसे टिकट देगी कांग्रेस पार्टी, जानिए कहां फंसा है पेंच

LSChunav     Mar 09, 2024
शेयर करें:   
Lok Sabha Elections 2024: दिल्ली में तीन सीटों पर किसे टिकट देगी कांग्रेस पार्टी, जानिए कहां फंसा है पेंच

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस ने गठबंधन कर लिया है। इस गठबंधन के तहत पार्टी सिर्फ तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। किन एक से अधिक दावेदार होने की स्थिति में पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कुछ दिनों के लिए टाल दिया है।

लोकसभा चुनाव 2024 नजदीक आ रहे हैं। ऐसे में सभी राजनैतिक दलों ने तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं। जहां भाजपा ने देश की 195 सीटों पर अपने कैंडिडेट के नामों का ऐलान कर दिया है, तो वहीं कांग्रेस पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने की तैयारी में है। बीते 07 मार्च को कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक आयोजित हुई। कांग्रेस की इस बैठक में पार्टी के कई बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया था।


कांग्रेस की इस बैठक के बाद दावा किया जा रहा है कि जल्द ही कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती हैं। पार्टी की इस लिस्ट में 60 उम्मीदवारों के नाम हो सकते हैं। लेकिन इस बीच खबर आ रही है कि दिल्ली में उम्मीदवारों के नाम को लेकर पार्टी संशय में है। कांग्रेस आलाकमान चाहता था कि शुक्रवार को जारी होने वाली लिस्ट में दिल्ली के उम्मीदवारों के नामों का भी ऐलान कर दिया जाए। लेकिन अभी भी इसमें कुछ पेंच फंसा हुआ है।


आप-कांग्रेस गठबंधन

बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस ने गठबंधन कर लिया है। इस गठबंधन के तहत पार्टी सिर्फ तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ऐसे में पार्टी को नार्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली और चांदनी चौक में अपने उम्मीदवार उतारने हैं। लेकिन एक से अधिक दावेदार होने की स्थिति में पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कुछ दिनों के लिए टाल दिया है। वहीं पार्टी आलाकमान ने उम्मीदवारों के नाम चुनने का आखिरी फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, नार्थ ईस्ट दिल्ली से अरविन्द्र सिंह लवली और अनिल चौधरी टिकट मांग रहे हैं, तो वहीं चांदनी चौक से अलका लांबा, जेपी अग्रवाल और संदीप दीक्षित कतार में हैं। वहीं नार्थ वेस्ट दिल्ली से राजकुमार चौहान और उदित राज टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में तीनों सीटों पर एक-एक नामों को पार्टी द्वारा तय किया जाएगा। जिसके बाद ही उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जाएगी।