'आप' दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रेखा गुप्ता सरकार पर बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि इस साल की शुरुआत में गरीबों के लिए निर्धारित चावल को निजी कंपनी को बेचने की योजना बनाई गई थी।
क्या बोले सौरभ भारद्वाज?
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि, 'रेखा गुप्ता की सरकार बड़े पैमाने पर ऐसा भ्रष्टाचार कर रही है, जिसे जानकर आप काफी हैरान हो जाएंगे। जिस भ्रष्टाचार की हम बात कर रहे हैं, उसकी योजना इस साल की शुरुआत में बनाई गई थी।'
उन्होंने रेखा सरकार पर आरोप लगाए कि योजना के तहत अगले तीन वर्षों तक हर सप्ताह दिल्ली के गरीबों के लिए निर्धारित 31,000 मीट्रिक टन चावल भारतीय खाद्य निगम (FCI) के गोदामों से निकाला जाना था। आरोप है कि यह चावल गरीबों तक पहुंचने के बजाय हरियाणा की एक निजी कंपनी को दोगुनी कीमत पर बेचा जाना था।
इतना ही नहीं, सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि इस पूरे मामले में हर सप्ताह एक किलो चावल पर 23 रुपये का कमीशन लिया जा रहा है। उनके अनुसार, कुल मिलाकर प्रति सप्ताह 70 से 71 करोड़ रुपये का कमीशन लिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा है कि इस योजना के मुताबिक 3 साल तक चावल की ब्रिकी जारी रहती तो कुल 22 हजार करोड़ रुपये का चावल बेचा जाना था और कुल 11 हजार करोड़ रुपये का कमीशन लिया जाना था।