लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में 01 जून को वोट डाले जाएंगे। इस दौरान बिहार की सबसे हॉट सीट पाटलिपुत्र लोकसभा सीट पर भी मतदान होना है। इस सीट पर एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच सीधी टक्कर है। पाटलिपुत्र लोकसभा सीट पर 2009, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को जीत मिली थी। वहीं इस बार पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से भाजपा की ओर से राम कृपाल यादव और राजद की तरफ से मीसा भारती को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
बीजेपी प्रत्याशी राम कृपाल यादव
आपको बता दें कि बीजेपी के टिकट पर उतरे राम कृपाल यादव कभी लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते थे। लेकिन साल 2014 में आरजेडी से टिकट न मिलने पर उन्होंने लालू की पार्टी का दामन छोड़ दिया और भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद भाजपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बना दिया था। वह लगातार तीन बार पाटलिपुत्र से जीत हासिल कर चुके हैं। राजनीतिक मतभेदों के बाद भी मीसा भारती, राम कृपाल यादव को अपना चाचा मानती हैं और वहीं वह मीसा को अपनी भतीजी मानते हैं। राम कृपाल यादव जमीनी नेता हैं और यादव समुदाय में भी उनकी काफी पैठ है।
राजद प्रत्याशी मीसा भारती
आरजेडी ने मीसा भारती को अपना उम्मीदवार बनाया है। साल 2014 के चुनाव में मीसा को अपने चाचा राम कृपाल यादव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में यादवों की बड़ी तादात होने के बाद भी लालू यादव और उनके परिवार को तीन चुनाव में इस सीट से हार का सामना करना पड़ा है। लेकिन मीसा भारती का दावा है कि इस बार उनके सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है और वह जनता के मुद्दों पर चुनावी मैदान में उतरी हैं।