Lok Sabha Elections 2024: MP में मतदान के बाद जमीनी हकीकत जानने में जुटी कांग्रेस, उम्मीदवारों के साथ की बैठक

अनन्या मिश्रा     Jun 03, 2024
शेयर करें:   
Lok Sabha Elections 2024: MP में मतदान के बाद जमीनी हकीकत जानने में जुटी कांग्रेस, उम्मीदवारों के साथ की बैठक

लोकसभा चुनाव के सभी चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है। वहीं मध्य प्रदेश में भी मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। वहीं राज्य में कांग्रेस पार्टी की क्या स्थिति है और किस तरह के नतीजे मिल सकते हैं।

लोकसभा चुनाव के सभी चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है। वहीं मध्य प्रदेश में भी मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। वहीं राज्य में कांग्रेस पार्टी की क्या स्थिति है और किस तरह के नतीजे मिल सकते हैं। यह जमीनी हकीकत जानने के लिए प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह पार्टी प्रत्याशियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रत्याशी अपने क्षेत्रों की स्थिति के बारे में जानकारी देंगे। बता दें कि मध्य प्रदेश में चार चरणों में मतदान हुआ। इनमें से एक सीट कांग्रेस ने सपा को आपसी समझौते के तहत दी थी।


उम्मीदवारों के साथ पार्टी की बैठक

मध्य प्रदेश में 27 स्थानों पर कांग्रेस के प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे। ऐसे में अब इन सीटों पर पार्टी को क्या संभावना दिख रही है, यह जानने की कवायद की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह भोपाल में उम्मीदवारों के साथ बैठक करेंगे। बता दें कि पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस पार्टी में शामिल रहेंगे।


कांग्रेस ने झोंकी थी ताकत

मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी थी। राहुल गांधी से लेकर प्रियंका गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे ने राज्य में ताबड़तोड़ दौरे किए हैं। इसके अलावा प्रदेश में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा और केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी पूरी तरह से सक्रिय रहे। वहीं पूर्व सीएम कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के अलावा अन्य कई क्षेत्रों पर जनसभाएं की। साथ ही तीसरे चरण के चुनाव के बाद दिग्विजय सिंह ने भी निमांड मालवा में सक्रियता दिखाई।


छिंदवाड़ा में वोटिंग हुई

इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता मतदान होने तक अपने क्षेत्र को नहीं छोड़ पाए। चुनाव के पहले चरण में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में वोटिंग हुई थी। यहां से कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ चुनावी मैदान में उतरे थे। बेटे के कारण कमलनाथ प्रचार के लिए अन्य क्षेत्रों में नहीं जा पाए। वहीं राजगढ़ से दिग्विजय सिंह प्रत्याशी थे, ऐसे में उनका भी अधिक समय वहीं गुजरा। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में 29 सीटों में से कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट पर जीत हासिल हुई थी। छिंदवाड़ा सीट से नकुलनाथ ने जीत हासिल की थी। वहीं इस बार कांग्रेस यहां से बड़े स्तर पर जीत का दावा कर रही है।