बिहार में सार्वजनिक स्थलों के नामकरण पर Chirag Paswan का बयान, नीतीश और लालू के नाम पर भी जगह रखने की मांग

दिव्यांशी भदौरिया     Sep 11, 2026
शेयर करें:   
बिहार में सार्वजनिक स्थलों के नामकरण पर Chirag Paswan का बयान, नीतीश और लालू के नाम पर भी जगह रखने की मांग

बिहार में प्रमुख स्थलों के नामकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। बख्तियारपुर का नाम नीतीशपुर और पटना मरीन ड्राइव गोलंबर का नाम रामविलास पासवान के नाम पर रखने की मांग उठी है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नीतीश कुमार, लालू प्रसाद और रामविलास पासवान जैसे नेताओं के नाम पर स्थलों और प्रतिमाओं के निर्माण का समर्थन किया है।

इस समय बिहार में जगहों के नाम बदलने और महापुरुषों के नाम पर सार्वजानिक स्थलों के नामकरण की मांग को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। इस दौरान, बख्तियारपुर का नाम नीतीशपुर करने की मांग के बाद अब राजधानी पटना के मरीन ड्राइव गोलंबर का नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान के नाम पर करने की मांग उठाई जा रही है।

बख्तियारपुर के बाद नामकरण की मांगों का दौर

दरअसल, बिहार में नामकरण को लेकर यह मांग ऐसे समय में उठ रही है, जब बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीशपुर करने की चर्चा राजनीतिक स्तर पर जोर पकड़े हुए हैं।

इस दौरान जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पार्टी का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखने की मांग कर दी है।

इन सभी घटनाओं के बाद लोजपा (रामविलास) की तरफ से रामविलास पासवान के नाम पर सार्वजानिक स्थल का नाम रखने की मांग ने राजनीतिक चर्चा को और तेज कर दिया है।

चिराग पासवान ने उठाई बड़ी मांग

इस बीच, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी इस मांग के समर्थन में बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का बिहार को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण और लंबे समय तक योगदान रहा है।

उनका कहना है कि बिहार के लिए योगदान देने वाले हर महापुरुष के नाम पर ऐसी जगहों का नाम होना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी उन्हें याद कर सके।

चिराग पासवान ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पार्टी नेताओं ने उनके पिता रामविलास पासवान की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग की है।

उन्होंने यह भी कहा है कि नीतीश कुमार हो, लालू प्रसाद हो या रामविलास पासवान, इन सभी नेताओं के नाम पर स्थानों का नाम रखा जाना चाहिए और उनकी प्रतिमाएं भी लगाई जाए।