Election Commission का बचाव करने वाले खुद घोटाले में शामिल, CM Yogi पर बरसे Akhilesh Yadav

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की गड़बड़ी और भाजपा द्वारा सपा समर्थकों के वोट कटवाने के कारण 2022 में उनकी सरकार नहीं बनी। गोरखपुर में जलभराव पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने सैफई से विकास सीखने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने घोषणापत्र में खिलाड़ियों की सभी मांगें शामिल कर सुविधाएं देने का वादा किया।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग की गड़बड़ी के कारण सपा की सरकार यूपी में नहीं बन पाई। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद हमने कहा था कि सपा समर्थकों के वोट काटे गए।
वहीं, 2017 में हम समझ नहीं सके। हम मानते थे कि चुनाव आयोग ईमानदारी से और निष्पक्ष होकर काम कर रहा होगा पर ऐसा बिल्कुल नहीं था।
क्या बोले अखिलेश यादव?
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग लंबे समय से गड़बड़ी कर रहा था पर अब सामने आ रही है। भाजपा के लोगों ने गांव-गांव से वोट कटवाने की कोशिश की और बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भरकर भेजे। लखनऊ में एक ही व्यक्ति ने फॉर्म-7 भरकर 100 से ज्यादा वोट कटवा दिए। जबकि एक व्यक्ति सिर्फ पांच लोगों के खिलाफ ही फॉर्म- 7 जमा कर दिए है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव में गड़बड़ी पर आयोग का बचाव कर रहे हैं। इसका सीधा अर्थ है कि वो भी घोटाले में शामिल हैं।
गोरखपुर को स्पेन बताते हैं
इतना ही नहीं, अखिलेश यादव ने यह भी कहा है कि गोरखपुर को स्पेन बताया जाता है पर वहां पर तो जगह-जगह पानी भरा है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां मेट्रो चलने का दावा किया जा रहा था वहां पर अब नाव चल रही हैं। इन लोगों ने सैफई के बारे में बहुत कुछ बोला है पर सीखा नहीं। इन लोगों को सैफई से सीखकर गोरखपुर में विकास करवाना चाहिए।
खिलाड़ियों की सभी मांगें घोषणापत्र में शामिल करेंगे
इसके बाद, अखिलेश यादव ने कहा कि घोषणापत्र में खिलाड़ियों की सभी मांगें शामिल की जाएंगी। ग्राम स्तर से लेकर राज्यस्तर पर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देंगे। स्ट्रक्चरल चेंज भी करेंगे। खिलाड़ियों के लिए भोजन से लेकर, डॉक्टर और इक्विपमेंट्स की व्यवस्था करेंगे।



