Karnataka Polls: बीजेपी ने 52 नए चेहरों पर जताया भरोसा, 8 महिलाओं व 9 डॉक्टरों समेत IAS-IPS भी लिस्ट में शामिल

LSChunav     Apr 12, 2023
शेयर करें:   
Karnataka Polls: बीजेपी ने 52 नए चेहरों पर जताया भरोसा, 8 महिलाओं व 9 डॉक्टरों समेत IAS-IPS भी लिस्ट में शामिल

कर्नाटक चुनाव 2023 के लिए भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने इस बार नए चेहरों पर दांव लगाया है। वहीं कई विधायकों का टिकट कट गया है। बता दें कि भाजपा द्वारा जारी की गई लिस्ट में 52 नए चेहरों को शामिल किया गया है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए दो दिनों तक दिल्ली में चले मंथन के बाद भाजपा ने पहली सूची जारी कर दी है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इसकी घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि आगामी कर्नाटक चुनाव 2023 के लिए पार्टी द्वारा 189 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा रही है। बीजेपी ने इस बार कर्नाटक चुनाव में नया दांव खेला है। भाजपा द्वारा जारी की गई लिस्ट में 52 नए चेहरों को जगह दी गई है।


नए चेहरों पर लगाया दांव

भाजपा चुनाव समिति की बैठक के पहले दिन पीएम मोदी नरेंद्र मोदी ने कहा था कि इस बार युवा चेहरों को चुनाव मैदान में उतारना चाहिए। साथ ही दागी नेताओं से किनारा करना चाहिए। पार्टी द्वारा जारी की गइ पहली लिस्ट में 8 महिलाओं को जगह दी गई है। वहीं 5 वकीलों का भी नाम इस लिस्ट में शामिल है।


लिस्ट में शामिल हैं डॉक्टर्स और वकील

पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बीजेपी ने 32 ओबीसी, 30 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। इसके साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि 9 डॉक्टर, 5 वकील, 3 शिक्षक, 1 आईएएस, 1 आईपीएस, 3 सेवानिवृत अधिकारी, 31 पोस्ट ग्रेजुएट और 8 महिलाओं को टिकट दिया है।


इस सीट से चुनाव लड़ेंगे CM बोम्मई

अरुण सिंह ने बताया कि CM बसवराज बोम्मई शिगगांव से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वह पहले भी यहां से अपनी जीत दर्ज करवा चुके हैं। इसके अलावा बाला साहेब पाटिल कागवाड़ से चुनाव लड़ेंगे। बेल्लारी से श्रीरामुलु, मुर्गेश निरानी बिलगी से और गोविंद कारजोल मुदूल से चुनावी मैदान में उतरेंगे। चिकमंगलुरु से  सीटी रवि को टिकट मिला है।


येदियुरप्पा के बेटे को यहां से मिला टिकट

पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र अपने पिता की परंपरागत सीट शिकारीपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगे। आर अशोक को कनकपुर से टिकट दिया गया है, वह यहां पर कांग्रेस के दिग्गज नेता डीके शिवकुमार के खिलाफ खड़े होंगे। इसके साथ ही भाजपा वरुणा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्दरमैया के खिलाफ वरिष्ठ मंत्री वी सोमन्ना को चुनावी मैदान में उतारा गया है।