Ghaziabad Lok Sabha Seat: यूपी की गाजियाबाद सीट पर अतुल गर्ग, डॉली शर्मा और नंदकिशोर पुंडीर के बीच मुकाबला

LSChunav     Apr 20, 2024
शेयर करें:   
Ghaziabad Lok Sabha Seat: यूपी की गाजियाबाद सीट पर अतुल गर्ग, डॉली शर्मा और नंदकिशोर पुंडीर के बीच मुकाबला

दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। इसमें गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भी मतदान होना है। यह सीट पिछले दो चुनावों से हॉट सीट बन चुकी है। 26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है।

लोकतंत्र के महापर्व की शुरूआत हो चुकी है। देश में 7 चरणों में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। जिसमें से 19 अप्रैल 2024 को पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ। वहीं अब 26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है। दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। इसमें गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भी मतदान होना है। यह सीट पिछले दो चुनावों से हॉट सीट बन चुकी है। 


गाजियाबाद को उत्तर प्रदेश का गेटवे भी माना जाता है और यह दिल्ली से सटा होने की वजह से अहम लोकसभा सीट है। वैसे तो इस सीट पर तीन बार से लगातार बीजेपी कमल खिलाते चली आ रही है। ऐसे में एक बार फिर यहां पर दिलचस्प मुकाबला होने वाला है। बता दें कि इस सीट से भाजपा ने अतुल गर्ग, कांग्रेस ने डॉली शर्मा और बसपा ने नंदकिशोर पुंडीर पर दांव लगाया है।


बीजेपी प्रत्याशी अतुल गर्ग

भाजपा ने इस सीट से अतुल गर्ग को चुनावी मैदान में उतारा है। वह 2 बार से गाजियाबाद के विधायक रह चुके हैं। ऐसे में एक बार फिर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग पर बीजेपी ने भरोसा जताया है। इन्हें भाजपा के सीनियर नेताओं में से एक माना जाता है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अतुल गर्ग ने शानदार जीत हासिल की थी। वहीं इसके बाद साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी इन्होंने अपना जादू बरकरार रखा था।


कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा

कांग्रेस ने गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र से डॉली शर्मा पर भरोसा जताया है। इससे पहले साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी डॉली शर्मा ने चुनाव लड़ा था। लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहीं। वर्तमान समय में वह कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता है। उन्होंने साल 2017 से अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत की थी। इसके अलावा डॉली शर्मा ने निकाय चुनाव भी लड़ा है।


बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर 

बहुजन समाज पार्टी ने नंदकिशोर पुंडीर को चुनावी मैदान में उतारा है। यह मूलरूप से मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। नंदकिशोर ठेकेदारी के व्यवसाय में हैं। दिलचस्प बात यह है कि नंदकिशोर के सामने उनकी पत्नी और भतीजा भी चुनावी मैदान में है। बता दें कि इनकी पत्नी और भतीजा निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।