Odisha: ओडिशा के पूर्व सीएम गिरिधर गमांग समेत चार बड़े नेता कांग्रेस में हुए शामिल

LSChunav     Jan 22, 2024
शेयर करें:   
Odisha: ओडिशा के पूर्व सीएम गिरिधर गमांग समेत चार बड़े नेता कांग्रेस में हुए शामिल

कांग्रेस पार्टी को ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बड़ी सफलता मिली है। बता दें कि राज्य के पूर्व सीएम गिरिधर गमांग समेत 4 बड़े नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

कांग्रेस पार्टी को ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बड़ी सफलता मिली है। बता दें कि राज्य के पूर्व सीएम गिरिधर गमांग समेत 4 बड़े नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। पूर्व सीएम और नौ बार के लोकसभा सांसद गिरिधर गमांग के साथ पूर्व सांसद संजय भोई, पूर्व सांसद हेमा गमांग और पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र शिशिर गमांग भी कांग्रेस में शामिल हो गए।


दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन और ओडिशा कांग्रेस प्रभारी व पूर्व सांसद डॉ. अजॉय कुमार की मौजूदगी में चारों नेता कांग्रेस में शामिल हुए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ओडिशा के विकास में इन सभी नेताओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है। ऐसे में इन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी की विचारधार को मजबूती मिलेगी और न सिर्फ ओडिशा बल्कि देश में भी कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी।


राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने आगे कहा कि इससे राहुल गांधी की न्याय की लड़ाई में भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा अहम दिन है, क्योंकि इस दिन राज्य के चार बड़े नेताओं ने कांग्रेस का साथ चुना है। उन्होंने कहा कि गिरिधर गमांग जी को वह धन्यवाद देते हैं। जो न सिर्फ आदिवासी समुदाय बल्कि राज्य के हर समुदाय में काफी लोकप्रिय हैं। इसके साथ ही अजय माकन ने  हेमा गमांग, संजय भोई और शिशिर गमांग का भी कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया।


वहीं ओडिशा के पूर्व सीएम गिरिधर गमांग ने कहा कि कांग्रेस देश की एक ऐसी पार्टी है, जो सिद्धांतवादी राजनीति करती है। कांग्रेस ने उनको 11 बार टिकट दिया। जो अन्य पार्टियां नहीं कर सकती हैं। वह राज्य के सीएम के अलावा 9 बार सांसद और 11 साल केंद्र में मंत्री रहे। वह अन्य दल में भी रहे हैं, लेकिन असल सम्मान कांग्रेस दे सकती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा उठाया गया कदम राजनीतिक नहीं बल्कि संवैधानिक हैं। हम साथ मिलकर आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक लड़ाई लड़ते रहेंगे।