Punjab Politics: हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब में अलग खेल खेले जाने का लगाया आरोप, कहा- राज्य में बज रही खतरे की घंटी

अनन्या मिश्रा     Aug 04, 2023
शेयर करें:   
Punjab Politics: हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब में अलग खेल खेले जाने का लगाया आरोप, कहा- राज्य में बज रही खतरे की घंटी

पंजाब के शिरोमणि अकाली दल से लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब की आप पार्टी पर निशाना साधा है। बादल ने कहा कि पंजाब के सीएम मान केजरीवाल पर राज्य का पैसा खर्च कर रहे हैं। पंजाब के सारे फैसले केजरीवाल करते हैं।

पंजाब के शिरोमणि अकाली दल से लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब की आप पार्टी पर निशाना साधा है। वह दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक 2023 पर चर्चा के दौरान सीएम केजरीवाल पर हमलावर हुईं। हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि दिल्ली के सीएम केजरीवाल पंजाब को चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब का हर फैसला केजरीवाल कर रहे हैं। पंजाब का डीजीपी रखना हो, तो केजरीवाल फैसला लेते हैं, फिर चाहे पंजाब में एजीपी लगना हो, चीफ सेक्रेटरी लगना हो सारे फैसले केजरीवाल करते हैं। इसके अलावा दिल्ली के लोग राज्यसभा की सीटों पर भी जाकर बैठते हैं। ऐसे में कौन से पावर की बात की जा रही है।


हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि जब राज्य बाढ़ से डूब रहा था तो पंजाब के सीएम भगवंत मान हेलीकॉप्टर के साथ केजरीवाल की सेवा में लगे हुए थे। जबकि पंजाब की जनता बाढ़ से बचाए जाने की गुहार लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम राहुल गांधी से हाथ मिलाने कर्नाटक चले जाते हैं। ऐसे में आप पार्टी कौन सी पावर की बात कर रही है। उन्होंने आप पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि आप नेताओं ने पंजाब की जनता के साथ धोखा किया है। केजरीवाल को चमकाने के लिए पंजाब के पैसे खर्च किए जा रहे हैं। बादल ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक आम आदमी पार्टी के इस्तेहार पंजाब के पैसे से निकलते हैं।


बता दें कि बादल ने आप पार्टी और कांग्रेस के INDIA गंठबंधन में शामिल होने को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी के इतिहास को भला कौन नहीं जानता है। कांग्रेस ने पंजाब के टुकड़े कर उस हिमाचल बना दिया। हरियाणा बना दिया गया। हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पंजाब के लोगों के साथ ज्यादती की गई है। पंजाब में काफी समय तक राष्ट्रपति शासन लगाकर रखा गया, अकाल तख्त पर हमला किया गया, सिखों का कत्लेआम किया गया। बादल ने कहा कि आप पार्टी और कांग्रेस का एक साथ आना, यानी की खतरे की घंटी है। इसके साथ ही बादल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान और कांग्रेस पर सिखों के धार्मिक अधिकारों में हस्तक्षेप करने का भी आरोप लगाया।