अमिताभ बच्चन से लेकर जया प्रदा तक, ये फिल्मी सितारे लड़ चुके हैं चुनाव

Priya Mishra     Aug 16, 2021
शेयर करें:   
अमिताभ बच्चन से लेकर जया प्रदा तक, ये फिल्मी सितारे लड़ चुके हैं चुनाव

दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने दोस्त और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी के कहने पर 1984 में कांग्रेस के टिकट पर इलाहाबाद सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने भारी अंतर से यह सीट जीती लेकिन तीन साल बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।

बॉलीवुड की कई ऐसी हस्तियां हैं जो फिल्मों में नाम कमाने के साथ-साथ राजनीति में भी खूब सक्रिय हैं। इनमें से कुछ सफल राजनेता बने तो कुछ को यह समझ आ गया कि राजनीति का खेल उनके लिए नहीं बना है। आज के इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे मशहूर फिल्मी हस्तियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने फिल्मों में काम करने के साथ-साथ चुनाव भी लड़ा है - 


जया प्रदा 

जया प्रदा,अभिनेता एनटीआर के कहने पर 1994 में तेलुगू देशम पार्टी में शामिल हुईं । हालांकि, जल्द ही वे पाला बदल चंद्रबाबू नायडू से जा मिलीं। 1996 में जया प्रदा ने राज्यसभा में प्रवेश किया। उनके करियर में बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने समाजवादी पार्टी से हाथ मिलाया। दक्षिण की जया प्रदा ने 2004 और 2009 में उत्तर प्रदेश के रामपुर से लगातार दो बार लोकसभा चुनाव जीत सबको हैरान कर दिया। हालाँकि, समाजवादी पार्टी में आज़म खान से उनकी हमेशा खटकती रही जिसके बाद वो सपा से अलग हो गईं। 2019 में जया भाजपा में शामिल हो गई और रामपुर से ही चुनाव लड़ा।

 

 अमिताभ बच्चन 

दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने दोस्त और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी के कहने पर 1984 में कांग्रेस के टिकट पर इलाहाबाद सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने भारी अंतर से यह सीट जीती लेकिन तीन साल बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था। अमिताभ का कहना था कि राजनीति उनका खेल नहीं है। उनके इस्तीफे से पहले, यह भी आरोप लगाया गया था कि उनके बोफोर्स घोटाले से संबंध थे।


राजेश खन्ना 

अमिताभ बच्चन के बाद, बॉलीवुड अभिनेता राजेश खन्ना ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ नई दिल्ली सीट से कांग्रेस के लिए 1991 का आम चुनाव लड़ा। वे चुनाव हार गए, हालाँकि अगले साल आडवाणी पर धोखाधड़ी के आरोपों के बाद उपचुनाव हुआ, जिसने खन्ना को जीत दिलाई। हालाँकि, उन्होंने अगला चुनाव नहीं लड़ा क्योंकि उन्हें सक्रिय राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं थी। हालाँकि, वह 2012 के पंजाब विधानसभा चुनाव तक INC के लिए एक कार्यकर्ता के रूप में रहे।


धर्मेंद्र  

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र भी 2004-09 से बीकानेर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद रह चुके हैं। हालांकि, वह शायद ही कभी संसदीय सत्र में शामिल हुए क्योंकि वह फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे।


दारा सिंह 

1998 में भाजपा में शामिल होने के बाद, दारा सिंह को 2003 में राज्यसभा के लिए नामांकित किया गया था।


शबाना आज़मी 

शबाना आज़मी ने 1997 में राज्यसभा में प्रवेश किया और 2003 तक उच्च सदन की सदस्य रहीं।


मिथुन चक्रवर्ती 

मिथुन चक्रवर्ती को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। हालाँकि, मिथुन ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए 2016 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।


विनोद खन्ना 

विनोद खन्ना 1997 में भाजपा में शामिल हुए थे। एक साल बाद, 1998 में उन्होंने पंजाब के गुरदासपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा और अभूतपूर्व बहुमत से जीत हासिल की। उन्होंने वाजपेयी कैबिनेट में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में भी काम किया। 


हेमा मालिनी 

हेमा मालिनी ने 1999 में उस समय भाजपा नेता विनोद खन्ना के लिए प्रचार किया था और यहीं से उनका अपना राजनीतिक सफ़र भी शुरु हुआ। हेमा मालिनी जल्द ही भाजपा में शामिल हुईं और राज्य सभा सदस्य रहीं। 2014 लोकसभा चुनावों में मथुरा से उन्होंने जाट नेता जयंत सिंह को तीन लाख से ज़्यादा वोटों से हरा दिया था।