अरुणाचल प्रदेश यानी कि उगते सूर्य का पर्वत वाला प्रदेश। भारत के उत्तर पूर्वी क्षेत्र में स्थित यह प्रदेश अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर है। यह राज्य म्यांमार, भूटान तिब्बत और चीन जैसे देशों से घिरा हुआ है। अरुणाचल प्रदेश पूरे तरीके से भारत का हिस्सा है पर आज भी उसके कुछ हिस्से पर चीन अपना दावा जताता है। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर है और पूर्वोत्तर में यह सबसे बड़ा राज्य है। इसकी क्षेत्रफल 83,743 किमी है और यह राज्य 20 जिलों में बंटा हुआ है। यहां की आबादी 1,382,611 है। यह राज्य मुख्यत: कृषि प्रधान है जिस पर यहां की अर्थव्यवस्था टिकी हुई है। कृषि के अलावा यहां वन्य उत्पाद प्रचुर मात्रा में पाया जाता है।
इतिहास
अरुणाचल एक वन क्षेत्र था और वहां आसपास के लोग ही जा पाते थे। आधुनिक इतिहास की बात करें तो असम में ब्रिटिश शासन लागू होने के बाद यहां के बारे में लोगों के जानकारी मिलनी शुरू हुई। 1962 से पहले अरुणाचल प्रदेश को नार्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी- नेफा के नाम से जाना जाता था। संवैधानिक रूप से यह असम का हिस्सा था जिसकी प्रशासनिक देखभाल विदेश मंत्रालय करता था। 1965 के बाद यह गृह मंत्रालय के अन्तर्गत आ गया जिस पर असम के राज्यपाल का शासन होता था। 1972 में यह केंद्र शासित राज्य बना और इसका नाम 'अरुणाचल प्रदेश' किया गया। 20 फ़रवरी 1987 को यह भारतीय संघ का 24वां राज्य बन गया।