भारत के हिस्से में आये पंजाब के बंटवारे के बाद दो अन्य राज्यों का गठन हुआ उन्हीं में एक राज्य है हरियाणा। हरियाणा भारत के उत्तर में स्थित है। प्रशासनिक उद्देश्य से हरियाणा 22 जिलों में बंटा हुआ है। हरियाणा के लोगों का मुख्य पेशा कृषि ही है। खाद्यान्न और दूध के उत्पादन में हरियाणा देश के मुख्य राज्यों में एक है। हालांकि हरियाणा धीरे-धीरे आईटी हब बनने की ओर अग्रसर है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत यहां की सांस्कृतिक नगरी हैं जबकि फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और यमुनानगर औद्योगिक शहर हैं। हरियाणा की आबादी 25,353,081 है। राज्य की लगभग 88 प्रतिशत आबादी हिंदू है जबकि 7 प्रतिशत इस्लाम और 5 प्रतिशत सिख हैं। हरियाणा के इतिहास के बारे में बात करें तो काफी पुराना है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार महाभारत में वर्णित कुरुक्षेत्र हरियाणा में ही है। पानीपत की तीन लड़ाइयां यहां के वर्तमान इतिहास को बयां करती हैं।
हरियाणा के गठन के बाद से ही कांग्रेस यहां की राजनीति के केंद्र बिंदु में रही है जबकि मुख्य विपक्ष की भूमिका जनता पार्टी या उससे टूट कर बनने वाले दल ही रहे हैं जिसमें समाजवादी जनता पार्टी, हरियाणा विकास पार्टी, जनता दल और राष्ट्रीय लोकदल शामिल है। सन् 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को परास्त कर भाजपा पहली बार सत्ता में आई। 90 विधानसभा सीटों वाली हरियाणा विधानसभा में भाजपा के पास 48 विधायक हैं जबकि कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल को 17-17 सीटें मिली थीं। सन् 2014 के ही लोकसभा चुनाव में हरियाणा की 10 सीटों में से भाजपा सात सीटें जीतने में कामयाब रही थी।