हिमालय की गोद में बसा सिक्किम भारत के पूर्वोत्तर में स्थित है। गंगटोक इसकी राजधानी है। जनसंख्या के हिसाब से देखें तो यह भारत का सबसे छोटा राज्य है। 7,096 किमी क्षेत्रफल वाले इस राज्य की जनसंख्या 6,10,577 है। सिक्किम एक कृषि प्रधान राज्य है और यहाँ के किसान इलाईची, अदरक, संतरा, सेब, चाय और पीनशिफ आदि की खेती करते हैं। इसके अलावा सिक्किम भारत में पर्यटन का प्रमुख केन्द्र भी है। सिक्किम चार जिलों में बंटा हुआ है। यहां की मुख्य भाषा अंग्रेजी है पर नेपाली, लेप्चा, भूटिया, लिंबू तथा हिन्दी का भी इस्तेमाल किया जाता है। सिक्किम हिन्दू बहुल राज्य है जहां हिन्दुओं की आबादी 57.8% है। यहां बौद्ध धर्म को मानने वाले लोग 27.3% है।
1975 में हुए यहां के आम चुनाव में कांग्रेस की जीत हुई थी और काजी लेन्डुप दोरजी पहले मुख्यमंत्री बने थे। यह सरकार चार सालों तक चली। 1979 में जनता पार्टी की लहर में यहां भी सत्ता परिवर्तन हुआ और नर बहादुर भंडारी के ने़तृत्व में सिक्किम जनता परिषद की सरकार बनी। 1984 में एक बार फिर से कांग्रेस की वापसी हुई पर वह सरकार ज्यादा दिन तक नहीं चल पाई। 1985 में एक बार फिर नर बहादुर भंडारी की वापसी हुई पर इस बार उनकी पार्टी थी सिक्किम संग्राम परिषद। राज्य में सिक्किम संग्राम परिषद का 1994 तक राज रहा। 1994 में वहां सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार बनी और मुख्यमंत्री बने पवन कुमार चामलिंग। पवन कुमार चामलिंग तब से लेकर अभी तक राज्य की सत्ता में हैं और फिलहाल केंद्र की NDA सरकार के सहयोगी हैं।