Ayodhya में महिलाओं से अभद्रता पर भड़के Akhilesh Yadav, BJP नेताओं पर कार्रवाई की मांग

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या में महिलाओं से कथित अभद्रता को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए महिला आयोग से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ अग्निकांड के पीड़ित की मां के अपमान का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर हमला बोला। अखिलेश ने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा का सफाया कर देगी।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अयोध्या में भाजपा के कार्यक्रम के समय महिलाओं के साथ हुई कथित मारपीट और अभद्रता को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर भाजपा के संबंधित नेताओं और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग नारी का सम्मान नहीं, अपमान करते हैं।
सोमवार को अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कुछ महीनों के बाद प्रदेश में पीडीए सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल दिया जाएगा। इससे शोषित, वंचित और गरीब लोगों को कथित तौर पर भाजपा के उत्पीड़न और अपमान का समाना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा से पीड़ित और अपमानित लोग इस बार उसका स्थाई सफाया कर देगा।
बोले- श्राप खाली नहीं जाएगा
इस दौरान सपा अध्यक्ष ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से सार्वजनिक रूप से उस दुखी मां का किया गया अपमान कोई महिला नहीं भूलेगी। सपा अध्यक्ष ने इसे मातृशक्ति का अपमान करते हुए कहा कि उसका श्राप खाली नहीं जाएगा।
कुछ महीनों बाद हम अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे; जिससे किसी शोषित, वंचित व ग़रीब को इन भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज़्ज़ती न सहनी पड़े। भाजपा के उत्पीड़न से ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ लोग इस बार भाजपा का स्थायी सफ़ाया कर देंगे। भाजपाइयों ने अयोध्या में तथाकथित नारी वंदन का जो हिंसक नज़ारा पेश किया है वो वंदनीय नहीं, निंदनीय है। महिला आयोग संज्ञान लेकर इस भाजपाई और आयोजकों पर वैधानिक-दंडात्मक कार्रवाई करे। भाजपा के लोग ‘नारी’ का सम्मान नहीं, अपमान ही करते हैं। उप्र के मुख्यमंत्री के द्वारा लखनऊ अग्निकांड के युवा मृतक की ‘दुखी माँ’ का सरेआम किया गया अपमान कोई महिला नहीं भूलेगी। मातृशक्ति का श्राप कभी खाली नहीं जाता है। ये हारेंगे और बुरी तरह हारेंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव हों या हाल के 2026 के विधानपरिषद चुनाव दोनों में भाजपा की हार ने साबित कर दिया है कि अब जनता के बीच इनके जुमलों का गु्ब्बारा फूट गया है। भाजपा तेल की फिसलन की ढलान पर है। जनता अब इनको हमेशा के लिए हराने के ‘मूड’ में है, इसीलिए भाजपा से जुड़ा हर राजनीतिक व्यक्ति या तो जनाक्रोश से डरकर राजनीति छोड़ रहा है या दूसरी राजनीतिक पार्टियों के पहले दो विकल्पों में करबद्ध अपनी जगह तलाश रहा है। अगला चुनाव महिला-युवा बनाम बीजेपी होगा!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 9, 2026
वहीं, उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनाव का हवाला देते हुए दावा किया है कि भाजपा के जुमलों का असर जनता के बीच खत्म हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने बीजेपी को 'तेल की फिसलन की ढलान' पर बताते हुए कहा कि जनता उसे हमेशा के लिए हराने के मूड में है।
अखिलेश यादव ने दावा किया है कि भाजपा से संबंधित राजनीतिक लोग जनाक्रोश के डर से राजनीतिक छोड़ रहे हैं या दूसरे राजनीतिक दलों में जगह तलाश कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने अगले चुनाव को 'महिला-युवा बनाम भाजपा' की लड़ाई बताई है।



