Akhilesh Yadav पर बरसे मंत्री OP Rajbhar, Ram Mandir दर्शन और 2027 चुनाव पर साधा निशाना

दिव्यांशी भदौरिया     Nov 10, 2026
शेयर करें:   
Akhilesh Yadav पर बरसे मंत्री OP Rajbhar, Ram Mandir दर्शन और 2027 चुनाव पर साधा निशाना

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्राइमरी स्कूलों, सनातन धर्म और राम मंदिर के मुद्दों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश अयोध्या जा रहे हैं, तो काशी और मथुरा की तारीख भी बताएं। साथ ही राजभर ने सपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए 2027 में एनडीए सरकार बनने का दावा किया।

मंगलवार को कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सर्किट हाउस में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। प्राइमरी स्कूलों के विलय, राम मंदिर दर्शन और सनातन धर्म के मुद्दे पर उन्होंने सपा नेतृत्व को घेरा।

अखिलेश यादव पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनकी स्थिति 'न अली के रहे, न बजरंगबली के' जैसी हो गई है।

प्राइमरी स्कूलों के विलय को लेकर अखिलेश यादव की तरफ से उठाए गए सवालों पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव पांच साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए कुछ नहीं किया। राजभर के अनुसार, सपा सरकार के दौरान बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते थे, जबकि योगी सरकार में स्कूलों में बेंच और डेस्क की व्यवस्था की गई है।

अभिभावकों के खातों में भी सहायता राशि भेजी जा रही है। राजभर ने अटल आवसीय विद्यालयों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चे रहकर डॉक्टर और इंजीनियर बनने की तैयारी कर रहे हैं।

राम मंदिर जा रहे हैं तो काशी-मथुरा की तारीख भी बताएं

इतना ही नहीं, राम मंदिर दर्शन को लेकर राजभर ने अखिलेश यादव पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि वह अयोध्या जा रहे हैं, तो उन्हें मथुरा और काशी विश्वनाथ जाने की तारीखों का भी एलान करना चाहिए।

सनातन और कारसेवकों के बयान पर भी साधा निशाना

राजभर ने सनातन धर्म और कारसेवकों पर गोली चलवाने को लेकर सपा नेता सनातन पांडेय के बयान का भी मुद्दा उठाया है। शिवपाल यादव की तरफ से अनुशासन को लेकर दी गई चेतावनी पर उन्होंने सपा के अंदर नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि समाजवादी पार्टी में असली नेतृत्व अखिलेश यादव का है या शिवपाल यादव का?

विपक्ष पर लगाया केवल बयानबाजी का आरोप

ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल सिर्फ ट्वीट और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित है। उन्होंने पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।