मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मुख्य संरक्षक एवं संघ के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार ने चंद्रयान 3 की सफलता को पूरे विश्व के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। वहीं उन्होंने एक बार फिर पीओजेके को भारत का हिस्सा होने की बात दोहराई है। उन्होंने कहा कि देश इसको वापस लेने के लिए प्रतिबद्ध है। इंद्रेश कुमार ने कहा कि गिलगित बाल्टिस्तान सहित पीओजेके भी हमारा हिस्सा है। पाकिस्तान को इस हिस्से को खाली करना होगा। क्योंकि इस हिस्से पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि पाकिस्तान सरकार द्वारा इस क्षेत्र के लोगों को दबाया और प्रताड़ित किया जा रहा है। संघ नेता ने कहा कि कश्मीर को पिछले पैंतीस वर्षों के दौरान खंडहर और विनाश की तरफ धकेला गया था। लेकिन अब स्थिति पहले से काफी ज्यादा बदल गई है। कश्मीर में शांति और समृद्धि है। वहीं उन्होंने चंद्रयान की सफलता को भारत का ऐतिहासिक कदम बताया और इसरो के वैज्ञानिकों, उनके सहयोगियों, शासन प्रशासन, प्रधानमंत्री के ठोस और महत्वकांक्षी नेतृत्व समेत पूरे देश को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि चंद्रयान की सफलता से यह साबित होता है कि हमारा देश भारत विश्व को भौतिक और आध्यात्मिक दोनों प्रकार की राह पर अग्रसर करेगा। बता दें कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अभी तक कोई भी देश नहीं उतरा था। लेकिन भारत के वैज्ञानिकों ने कठिन परिश्रम के बाद चंद्रयान को वहां पर सफलतापूर्वक उतार कर पहला मान-सम्मान और सफलता हासिल की है। यह सिर्फ भारत के लिए ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए ऐतिहासिक पल है।
संघ नेता ने कहा कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच पूरे राष्ट्र की तरफ से कृतज्ञ हैं। बता दें कि 14 जुलाई 2023 को चंद्रयान 3 का प्रक्षेपण किया गया था। वहीं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मीडिया प्रभारी शाहिद सईद ने कहा कि इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में हरि निवास पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के हजारों कार्यकर्ता जमा हुए। वहीं चंद्रयान की सफलता पर सभी ने खूब जश्न मनाया और देश के नाम जयकारे भी लगाए।