भारत के सात केंद्र शासित प्रदेश में से एक है चंडीगढ़, जो पंजाब और हरियाणा की राजधानी भी है। चंडीगढ़ को सिटी ब्यूटीफुल भी कहा जाता है। चंडीगढ़ का नाम मां दुर्गा के एक रूप चंडिका या चंडी के नाम पर पड़ा है। सन् 2011 में हुई जनगणना के मुताबिक यहां की आबादी 1,055,450 है। चंडीगढ़ अपने पर्यटन के लिए भी काफी प्रसिद्ध है। चंडीगढ़ को साफ सफाई में काफी अव्वल माना जाता है। चंडीगढ़ आईटी उद्योग के लिए काफी मशहूर है। चंडीगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत मोहाली, पंचकुला और ज़ीकरपुर जैसे शहर आते हैं। चंडीगढ़ को एक योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया गया है। फ्रांसीसी वस्तुकार ली कार्बूजियर ने इसकी शुरूआत की थी। चंडीगढ़ का इतिहास पंजाब और उत्तर भारत के इतिहास से काफी प्रभावित रहा है। यहां की मुख्य भाषा हिंदी और पंजाबी है। राज्य की कमान राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त व्यक्ति के हाथों में होती है।
चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर पहली बार सन् 1967 में चुनाव हुए थे और भारतीय जनसंघ के चंद गोयल पहले सांसद बने थे। चंडीगढ़ सीट पर ज्यादातर कब्जा भाजपा या फिर कांग्रेस का ही रहा है। यहां से कांग्रेस के जगनाथ कौशल और पवन कुमार बसंल सांसद रह चुके हैं जबकि भाजपा की तरफ से सत्यपाल जैन सांसद रहे हैं। सन् 2014 में लोकसभा चुनाव में मशहूर अभिनेत्री किरण खेर कांग्रेस के उम्मीदवार पवन कुमार बसंल को हराने में कामयाब रही थी। चंडीगढ़ नगर निगम पर भी भाजपा का ही कब्जा है। चंडीगढ़ में अकाली दल, बसपा और आम आदमी पार्टी भी अपनी अपनी जमीन तलाशने में लगे हुए है।