By LSChunav | Nov 27, 2026
इस समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी जोरों पर है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुस्लिम वोटर्स को लेकर कहा कि भाजपा जानती है कि सबसे अधिक मुस्लिम मतदाता उसके के खिलाफ वोट करते हैं।
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने कहा कि दोनों दलों के नेताओं को बातचीत के समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, बसपा अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी के 'जन-मन का मेनिफेस्टों' पर निशाना साधा है।
क्या बोले अखिलेश यादव?
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर बीजेपी पर निशाना साधा है। इसको लेकर एक्स पर उन्होंने पोस्ट किया है, "परिसीमन' भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगी।" अखिलेश के इस बयान को परिसीमन के लोकर भाजपा की रणनीति पर उनकी राजनीतिक प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। लेकिन पोस्ट में उन्होंने इस टिप्पणी के सपोर्ट में कोई विस्तृत कारण नहीं बताया है।
मायावती ने तंज कसा
इतना ही नहीं, बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी के घोषणा-पत्र को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ को कोरा हवाहवाई बताया है और कहा कि यह ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करता है। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का यह प्रण-पत्र वास्तव में ‘धन-मन वादी’ अधिक है।
मायावती ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि सपा का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तिवक हित, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध रहा है। उन्होंने पार्टी संकीर्ण और जातिवादी नीतियां अपनाने के साथ धन्नासेठों का सपोर्ट होने आरोप लगाया। वहीं, उन्होंने हाल ही में यूपी से हुए राज्यसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता दी गई है।
केशव मौर्य बोले- भाजपा के पास जीतने के लिए पर्याप्त वोट
इस दौरान उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुस्लिम वोटर्स को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि सबसे ज्यादा मुस्लिम मतदाता उसके खिलाफ वोट करते हैं। लेकिन ये वोट सपा गठबंधन, ओवैसी गठबंधन, बसपा गठबंधन या किसी अन्य गठबंधन के खाते में जाएं, बीजेपी के पास इतने वोट है कि वह पहले भी जीती है और आगे भी जीतती रहेगी।
अल्पसंख्यक मतदाताओं से अपील करते हुए मौर्य ने कहा कि वे सपा, बसपा और कांग्रेस को आजमा चुके हैं। अब अपने और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए कमल का बटन दबाएं। उन्होंने कहा, "कमल का बटन दबाने से करंट नहीं लगना चाहिए। जैसे गरीबों को खुशी मिलती है, वैसे ही सभी को खुशी मिलनी चाहिए।"
यूपी: कांग्रेस-सपा नेताओं के बीच सीटों को लेकर रार
इस दौरान सपा और कांग्रेस के बीच बंटवारे को लेकर तनातनी के बीच बयानबाजी बृहस्पतिवार को भी जारी रही है। इस बैठक की अगली तिथि भी स्पष्ट नहीं हुई है। इतना ही नहीं, सपा के द्वारा अकेले घोषणा पत्र जारी करने पर भी कांग्रेस ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
वहीं, कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पर हुए कार्यक्रम से पहले मीडिया बातचीत में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि हर पार्टी घोषणापत्र जारी करती है, सपा भी अपना कर रही है। हमारा भी घोषणापत्र पर काम पूरा है। बस एक बार बातचीत फाइनल हो जाए, कितनी सीटों पर समझौता होता है। ऐसा हो नहीं सकता है कि दोनों अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करें। हमारा घोषणापत्र तो संयुक्त आएगा। हमने हर वर्ग से बात रखी है।